हरियाणा में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष पद को लेकर चल रहे घमासान के बाद अब भविष्य में यदि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आती है तो कौन कांग्रेसी भावी मुख्यमंत्री बनेगा। इसे लेकर भी ‘रस्साकशी’ शुरू हो गई है। कांग्रेस के कई दिग्गज खुद को सीएम का प्रबल दावेदार मानते हैं और इसे लेकर राहुल दरबार में अपनी-अपनी लॉबिंग करने में जुट गए हैं।
हरियाणा के दो बार सीएम रह चुके भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने यह कहकर कि ‘चुनाव जीतने के बाद जिस नेता पर कांग्रेसी विधायकों का ‘आशीर्वाद’ रहेगा, वहीं सूबे का मुख्यमंत्री बनेगा’ कांग्रेसियों में एक नई बहस और हलचल को जन्म दे दिया है। हुड्डा के इस बयान से इशारा साफ है कि प्रदेश में जिस कांग्रेसी दिग्गज के खेमे जितने ज्यादा विधायक होंगे, उसकी सीएम पद के लिए दावेदारी मजबूत रहेगी।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूरी तरह स्वीप करेगी और चुनाव जीतने के बाद कौन कांग्रेसी सीएम बनेगा, इसका अंतिम फैसला सभी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर छोड़ा गया है। लेकिन हाईकमान भी उसे ही मुख्यमंत्री बनाता है, जिसे विधायक चाहते हैं। मुख्यमंत्री के बारे में विधायकों की राय ली जाती है।
हुड्डा ने कहा कि जब मैं 2005 में सीएम बना था, तो उस समय मैं सिर्फ सांसद था, प्रदेश के विधायकों से जब पर्यवेक्षकों ने अलग-अलग राय पूछी तो उन्होंने मेरे नाम पर मुहर लगाई। विधायकों का रुझान देखने के बाद ही हाईकमान ने सभी दावेदारों में से मुझे सीएम पद के लिए आशीर्वाद दिया और सीएम बनने के बाद मैंने भी दस साल प्रदेश के विकास के लिए जीतोड़ मेहनत की और हाईकमान की उम्मीदों पर खरा उतरा।
अन्य दावेदार भी बढ़ा रहे सक्रियता
हुड्डा के साथ-साथ रणदीप सिंह सुरजेवाला, डा. अशोक तंवर, कुमारी सैलजा, कुलदीप बिश्नोई, किरण चौधरी हाईकमान में अपनी-अपनी लॉबिंग करने में जुटे हुए हैं। डा. अशोक तंवर जहां साइकिल यात्रा से अपनी मौजूदगी जाहिर कर रहे हैं, वहीं रणदीप सुरजेवाला प्रदेश के विभिन्न इलाकों में ‘वीकेंड रैली’ कर अपना शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं।
कुमारी सैलजा व किरण चौधरी ने भी सक्रियता बढ़ा दी है, वहीं कांग्रेस में कमबैक करने वाले कुलदीप बिश्नोई भी अपनी पिच तैयार कर रहे हैं। वैसे तो एक और वरिष्ठ कांग्रेसी एवं पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव भी सीएम के दावेदार माने जाते हैं, लेकिन अभी फिलहाल वे लोकसभा का चुनाव लड़ने के मूड में है और अपनी सीट के लिए हाईकमान में माहौल तैयार कर रहे है।