चंडीगढ़। सेक्टर-30 में शुक्रवार सुबह एक युवक ने चाकू दिखाकर चालक से ऑटो लूट लिया लेकिन सेक्टर-34 स्थित एक निजी अस्पताल के कर्मचारी ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी को धर दबोचा। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मनीमाजरा के मॉडर्न हाउसिंग कांप्लेक्स निवासी युवराज सैनी (23) के रूप में हुई है और वह मोहाली स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी में एलएलबी का छात्र है। औद्योगिक एरिया थाना पुलिस ने ऑटो चालक मोहम्मद अकबर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सेक्टर-29-बी के मकान नंबर-1458/20 निवासी मोहम्मद अकबर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे वह अपने ऑटो (नंबर-सीएच-01टीए-3418) से सेक्टर-20 से 29 की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह सेक्टर-30 में योगा मंदिर के नजदीक पहुंचे तो एक युवक ने इशारा कर के रोक लिया और सेक्टर-30 की बैंक कॉलोनी तक छोड़ने की बात कहकर ऑटो में बैठ गया। कुछ देर बाद पेशाब करने के बहाने उसने ऑटो रुकवाया और उनकी पीठ पर चाकू रख दिया और कहा कि जो कुछ है निकालो। अकबर ने कहा कि अभी तो कुछ कमाया भी नहीं। इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी दी।
इसी बीच वहां से बाइक पर सेक्टर-30 निवासी राहुल गुजर रहे थे। ऑटो चालक उसे इशारा कर अचानक बाहर निकल आया। इतने में आरोपी ऑटो लेकर भाग निकला। राहुल ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचा दिया और बाइक से पीछा करने लगे। इसके बाद उसे सेक्टर-20/30 के लाइट प्वांइट के पास से काबू कर लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद एसएचओ इंडस्ट्रियल एरिया रामरत्न शर्मा समेत अन्य पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। राहुल सेक्टर-34 के निजी अस्पताल में नाइट एडमिन हैं। वीरवार रात की ड्यूटी करने के बाद सुबह वह अपने घर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदि है।