चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी ने शुक्रवार को परिसर में पीयू तीन वर्षीय लॉ के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया। परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 4.30 बजे तक आयोजित की गई। पीयू की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार परीक्षा में 90 प्रतिशत विद्यार्थी उपस्थित हुए थे। प्रवेश परीक्षा के लिए 2220 प्रतिभागियों ने आवेदन किया था और इनमें से 1998 उम्मीदवार पहुंचे।
पंजाब यूनिवर्सिटी की ओर से दी जानकारी के अनुसार परीक्षा के दौरान कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। परीक्षा को सुचारु ढंग से करवाने के लिए पर्यवेक्षकों की टीम को भेजा गया था। परीक्षा देने आए प्रतिभागियों ने बताया कि पेपर ठीक था और अधिक कठिन स्तर के प्रश्न नहीं पूछे गए थे। पीयू में परीक्षा के लिए आठ केंद्र बनाए गए थे। इनमें आर्ट्स ब्लॉक-1, आर्ट्स ब्लॉक-4, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ फॉर्मास्युटिकल साइंसेज, इमरजिंग एरिया बिल्डिंग, यूआईसीईटी, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड मैनेजमेंट साइंसेज-25, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टैक्नोलॉजी-25 ब्लॉक-1 और ब्लॉक -2 शामिल हैं।
छात्र संगठनों ने किया प्रतिभागियों का सहयोग
परीक्षा के दौरान पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्र संगठनों की ओर से प्रतिभागियों का परीक्षा से पहले और बाद में सहयोग किया। प्रतिभागियों को सेंटर तक पहुंचाने से लेकर परीक्षा खत्म होने के बाद रिव्यू लेने और उन्हें परिणाम व दाखिला प्रक्रिया की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबरों का वितरण किया गया। इस दौरान मौके पर मौजूद छात्र संगठनों में एनएसयूआई, एसएफएस, सोई, सथ, इनसो, एबीवीपी इत्यादि के कार्यकर्ता शामिल थे।