अंग्रेजी की मशहूर लेखिका मंजू कपूर कहती हैं कि जो भी फिल्म या टीवी सीरियल किसी नावेल पर आधारित होता है, उसे रोचक बनाने के लिए उसमें छेड़छाड़ और बदलाव जरूर किए जाते हैं।
मुझे पता था कि मेरे नावेल ‘कस्टडी’ के साथ भी कुछ ऐसा ही होगा और मुझे इससे कोई शिकायत नहीं है। शायद सीरियल देखकर वो लोग भी मेरा नावेल पढ़ लें जिन्होंने अभी तक नहीं पढ़ा है। रविवार को लिट्राटी फेस्टिवल के आखिरी दिन मंजू कपूर भी लेक क्लब पहुंची।
इस दौरान उन्होंने अपने नावेल पर बन रहे टीवी सीरियल ‘ये हैं मोहब्बतें’ के बारे में भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता है कि सीरियल कौन सा है और कब शुरू होगा, लेकिन दर्शकों को ये कहानी जरूर पसंद आएगी।
एकता कपूर बना रही हैं सीरियल
‘ये है मोहब्बतें’ सीरियल एकता कपूर ने बनाया है और अगले महीने 3 दिसंबर से टीवी पर प्रसारित होगा। मंजू ने अपने नावेल के सभी अधिकारी एकता कपूर को दे दिए हैं। इसके अलावा उनके एक और नावेल पर फिल्म भी बनने जा रही है।