चंडीगढ़। शहर के सभी थानों में अब खुद पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सुरेंद्र सिंह यादव पब्लिक मीटिंग करेंगे। यह पहली बार है जब डीजीपी सीधे थानों में जाकर लोगों से मिलेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। अब तक एसपी या फिर एसएसपी थानों का निरीक्षण करते थे और लोगों की शिकायतें सुनते थे। डीजीपी सुरेंद्र यादव महीने में किसी एक थाने में जाएंगे। इस दाैरान इलाके के मौजिज लोगों को पब्लिक मीटिंग में बुलाया जाएगा। वह लोगों से पुलिस की कार्यप्रणाली, इलाके की दिक्कतों और पुलिस को मिली शिकायतों व निपटारे इत्यादि पर पर लोगों से बातचीत करेंगे। लोग उनके सामने पुलिस से संबंधित कोई भी बात असानी से रख सकेंगे। डीजीपी यादव ने चंडीगढ़ में तैनाती के पहले दिन ही कहा था कि पुलिस बल उनका अपना परिवार है और वे परिवार के मुखिया की तरह सभी की समस्याएं हल करने का प्रयास करेंगे लेकिन पुलिस की ओर से जनता की सेवा में कोताही नहीं होनी चाहिए। डीजीपी अभी अपने कार्यालय में जनता के अलावा पुलिसकर्मियों के मामलों को सुनते हैं। डीजीपी कार्यालय में मुलाकात के लिए कोई समय निर्धारित नहीं होता, ऐसे में किसी भी रैंक का अधिकारी या कर्मचारी उनसे मिल सकता है। मंगलवार को डीजीपी ने धनास हाउसिंग बोर्ड कांप्लेक्स में स्थित पुलिस क्वार्टरों का दाैरा किया और एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत यहां पाैधरोपण भी किया। इसके बाद डीजीपी ने पुलिस क्वाटरों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने पुलिस जवानों के परिजनों से मुलाकात कर यहां की समस्याओं के बारे में जाना। उन्होंने समस्याओं को सुनने के साथ सुझाव पर भी बात की। साथ ही पुलिस अधिकारियों के साथ जवानों के क्वार्टरों के रखरखाव की समीक्षा भी की। उनके साथ आईजी राजकुमार, एसएसपी ट्रैफिक व क्राइम सुमेर प्रताप सिंह, एसपी क्राइम मुदृल व एसपी मुख्यालय केतन बंसल सहित अन्य अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।