चंडीगढ़। मूसलाधार बारिश थमने के बाद बुधवार को लगातार दूसरे दिन मौसम साफ रहा और पूरे दिन धूप निकली रही। इससे जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। तापमान भी धीरे-धीरे सामान्य के करीब पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह करीब 11:00 बजे कुछ इलाकों में बादल छाए और हल्की फुहारे भी गिरीं, जिससे लगा कि फिर बारिश होगी, लेकिन कुछ ही मिनटों में फुहारें बंद हो गईं। इसके बाद पूरे दिन मौसम साफ रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, वीरवार को भी मौसम के साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। हालांकि दिन के समय में रुक-रुक कर बादल छा सकते हैं और शाम को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
अब तक 729.8 एमएम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 48 घंटों में शहर और आसपास के इलाकों में बारिश नहीं हुई है। एक जून से लेकर बुधवार शाम 5:30 बजे तक कुल 729.8 एमएम बारिश दर्ज हुई है, जो इस मानसून सीजन में सामान्य से लगभग दोगुनी बारिश है। हालांकि मौसम विभाग ने 15 जुलाई से फिर बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके बाद अगले कुछ दिन तक यह बारिश जारी रह सकती है।