पंचकूला। राजकीय कॉलेज पंचकूला का अपना अलग से स्टेडियम है। यहां पर वॉलीबाल, क्रिकेट, बास्केटबाल, एथलेटिक्स, फुटबाल के मैदान हैं। इसके अलावा हॉल में ताईक्वांडो, बॉक्सिंग, बैडमिंटन और लॉन टेनिस की भी सुविधा है। मगर स्टेडियम में केवल वॉलीबाल और ताईक्वांडो के कोच तैनात हैं। बाकी कोचों की तैनाती नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोचों की तैनाती के लिए कॉलेज प्रिंसिपल ने जिला युवा एवं खेल अधिकारी को पत्र लिखा है। कॉलेज के खेल प्रभारी हरदीप ने बताया कि कॉलेज के स्टेडियम में अभ्यास के लिए करीब 200 खिलाड़ी हर रोज पहुंचते हैं। यहां वॉलीबाल, फुटबाल और ताईक्वांडों की नर्सरी हैं। इनमें से केवल वॉलीबाल काेच ही नियुक्त है। ताईक्वांडो की कोच का कुछ दिन पहले ही तबादला पंचकूला कर दिया गया है। फुटबाल के लिए कॉलेज की तरफ से स्पोर्ट्स पॉलिसी के तहत कोच नियुक्त किया गया है। कोच नहीं होने के कारण खिलाड़ी सही तरीके से अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं। न खेल की तकनीक सीख पा रहे हैं और न ही उन्हें मार्गदर्शन मिल रहा है। ऐसे में खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रभावित होना तय है। खिलाड़ियों का भविष्य खराब न हो इसके लिए कॉलेज की ओर से जिला खेल अधिकारी को कोचों की नियुक्ति करने के लिए पत्र लिखा गया है।
कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए है स्टेडियम
कॉलेज में बना यह स्टेडियम सिर्फ कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए ही है। इसमें बाहरी खिलाड़ियों को अभ्यास की अनुमति नहीं है। कुछ लोगों की ओर से लंबे समय से यह स्टेडियम आम लोगों के लिए खुलवाने की मांग की जा रही है। मगर उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से साफ हिदायतें दी गई हैं कि विभाग की ओर से यह स्टेडियम कॉलेज के खिलाड़ियों के लिए बनाया गया है। आउटसाइटर्स को इसमें खेलने या सैर करने की अनुमति नहीं है।