हल्लोमाजरा में कुछ दिन पहले स्थानीय लोगों द्वारा एक स्ट्रे डॉग को डंडों से पीट-पीटकर उसे बोरी में बंद करने का मामला शांत होता नजर नहीं आ रहा है। इस मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर पिटाई करने वालों के खिलाफ केस दर्ज व कानूनी कार्रवाई करने के लिए फाइल सरकारी एडीए के पास भेज दी है और लीगल ओपिनियन मांगी गई है। अब कानूनी सलाह आने के बाद पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर सकती है।
कैमरों में कैद हुई पूरी घटना की फुटेज जब सोशल मीडिया में वायरल हुई तो एक वेलफेयर फाउंडेशन ने इस मामले को लेकर स्ट्रे डॉग को पीटने वालों के खिलाफ हल्लोमाजरा पुलिस चौकी में केस दर्ज करने के लिए लिखित शिकायत दी।
इस घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज में एक युवक गली में आता हुआ दिखाई दे रहा है, जिसके हाथ में एक पिस्टल भी दिखाई दे रही है। हालांकि शिकायत के आधार पर जब पुलिस ने स्ट्रे डॉग को पीटने व बंधक बनाने वालों को बुलाकर पूछताछ की तो स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कुत्ता कई दिनों से बच्चों व अन्य लोगों को काट रहा था।