बुढलाडा के गांव दोदड़ा में शुक्रवार रात एक महिला को फोन करने पर गुस्साए परिजनों ने एक व्यक्ति से मारपीट की। जख्मी व्यक्ति की पटियाला में मौत हो गई। पुलिस ने एक ही परिवार के चार व्यक्तियों के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार गांव दोदड़ा में शुक्रवार रात कुछ व्यक्तियों ने गांव के ही खड़क सिंह की मारपीट की। जिससे वह जख्मी हो गया और पटियाला में उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई सतगुर सिंह ने बताया कि आरोपियों को शक था कि खड़क सिंह गांव की ही एक विवाहिता को फोन करता है।
इसके बाद ही उन्होंने खड़क सिंह से मारपीट की जिसके बाद उसकी मौत हो गई। सदर थाना बुढलाडा की पुलिस ने मक्खन सिंह, लाल सिंह, भूरा सिंह और हरमेश सिंह वासी गांव दोदड़ा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना सदर मुखी रजिंदर पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा।