पंजाब में जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव के चलते एक वैज्ञानिक ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। हरियाणा के हिसार स्थित लाला लाजपतराय यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज के साइंटिस्ट डॉ. संदीप गुप्ता ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की है।
याचिका में कहा गया है कि वह पंजाब के तलवंडी साबो में स्थित अपने पिता के घर गए हुए थे। इस दौरान वहां उनकी बहन के पेट में बहुत तेज दर्द उठा। वह उसे स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां पर तैनात गाइनोकोलॉजिस्ट ने उन्हें अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी, लेकिन पूरे इलाके में कहीं भी यह सुविधा नहीं मिली।
याचिका में हाईकोर्ट से आग्रह किया गया कि पंजाब सरकार को सब डिवीजनल स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए जाएं।
चीफ जस्टिस संजय किशन कौल एवं जस्टिस अरूण पल्ली पर आधारित खंडपीठ ने पंजाब सरकार को निर्देश दिए कि वह स्वास्थ्य सुविधाओं पर गंभीरता बरते और मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य उपकरणों को स्थापित किया जाए।
हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग को इस संबंध में तत्काल अपने स्तर पर निर्णय लेने के निर्देश देते हुए याचिका का निपटारा कर दिया।