सीटीयू में बसों की कमी के कारण 12 लंबे रूट की बसें बंद हो गई। इस कारण यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सीटीयू की ओर से नानकमता, हलद्वानी, ग्वालियर, जयपुर, आगरा, ऋषिकेश, भटिंडा, बाघा बार्डर, होशियारपुर, पट्टी और वैष्णो देवी की बसें बंद कर दी गई है।
सीटीयू के पास 2015 में 160 बसें बची थी। वर्ष 2016 में 40 बसें बढ़ाकर संख्या 200 की जानी थी। बस खरीद का प्रपोजल फाइनल न हो पाने से बसें नहीं खरीदी गई। वहीं 160 बसों में से भी इस वर्ष अप्रेल माह में 30 और जुलाई माह में लंबे रूट की 50 बसें कंडम घोषित होने के कारण बंद कर दी गई है। अभी सीटीयू के पास लंबे रूट पर 80 बसें चल रही है।
चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट की ओर से यह दावा किया गया था कि सीटीयू की लंबे रूट की बसें 200 की जाएंगी। इसके लिए कई बार अधिकारियों की ओर से मीटिंग की गई लेकिन अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं हुआ। इससे ग्वालियर, जयपुर, आगरा सहित अन्य रूटों पर जाने वाले लोगों को परेशानी होती है।
सेक्टर-17 बस स्टैंड से जयपुर जाने वाले अमित सिंह ने बताया कि सीटीयू की बस बंद होने के बाद समस्या हो रही है। यहां से राजस्थान परिवहन की पांच बसें चलती है। ये बसें तीन-तीन घंटे में चलती हैं। इससे परेशानी होती है। वहीं सेक्टर-43 से जम्मू की बस बंद होने से लोग ज्यादा परेशान है। नवरात्र में फेस्टिवल सीजन के बाद लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सीटीयू और ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के बीच मीटिंग कर 100 बसें खरीदे जाने का प्रपोजल बनाया गया है। जल्द ही सभी रूटों पर बसों की सेवा बहाल कर दी जाएगी। - अमित तलवार, डायरेक्टर, सीटीयू