एचआरईसी गुरुग्राम को बंद करने का पहले से चल रहा षड्यंत्र
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार हरियाणा रोडवेज की दोनों सेंट्रल वर्कशॉप को बंद करने की तैयार कर चुकी है। जबकि, हरियाणा रोडवेज इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचआरईसी) गुरुग्राम को बंद करने का षड्यंत्र काफी पहले ही शुरू किया जा चुका है। राज्य सरकार का मकसद प्रदेश की सुदृढ़ परिवहन सेवाओं का हर स्तर पर निजीकरण करना है, इसलिए ही बसों के परमिट निजी हाथों में देने की कार्रवाई भी समय-समय पर चलती रहती है। सैलजा ने कहा कि एचआरईसी गुरुग्राम में बसों की बॉडी बनती थी। यहां सिर्फ हरियाणा रोडवेज के लिए ही चेसिस पर बॉडी नहीं बनाई जाती थी, बल्कि अन्य प्रदेशों की सरकार भी अपनी बसों के लिए बॉडी तैयार करती थी। लेकिन, भाजपा सरकार ने इसे बंद करने के लिए खुद ही चालें चलनी शुरू कर दीं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह प्रदेश का दुर्भाग्य कहा जाएगा, जो प्रदेश सरकार ने हरियाणा रोडवेज की बसों की बॉडी अपनी वर्कशॉप में बंधवाने के बजाए निजी क्षेत्र की कंपनियों में तैयार करवानी शुरू कर दी।
कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश के करनाल व हिसार जिले में हरियाणा रोडवेज की सेंट्रल वर्कशॉप हैं। इनमें इंजन मरम्मत कार्य, पंप कार्य, टायर रिसोल आदि कार्य होते हैं। वर्कशॉप को बंद करने की नीयत से इनके कार्य की समीक्षा करने के लिए कमेटी का गठन किया है, ताकि इसकी रिपोर्ट को आधार बनाकर इन्हें बंद करने का फरमान सुनाया जा सके।