चंडीगढ़। कोरोना संक्रमण की लुका-छिपी जारी है। चंद दिनों की राहत के बाद कोरोना संक्रमण ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। सक्रिय मरीजों की संख्या 500 पर आ चुकी है। विशेषज्ञों का कहना है कि संक्रमण दर में उतार-चढ़ाव इस ओर संकेत कर रहा है कि वायरस अभी सक्रिय है इसलिए मास्क लगाने के साथ-साथ सामाजिक दूरी का पालन करें वरना यह घातक सिद्ध हो सकता है।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण पिछले हफ्ते चार प्रतिशत पर आ गया था लेकिन फिर इसमें इजाफा दर्ज किया जाने लगा है। मौजूदा संक्रमण दर 6.52 प्रतिशत है वहीं 370 पर पहुंच चुकी सक्रिय मरीजों की संख्या 500 पर आ गई है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग का पूरा जोर प्रिकॉशन डोज के लक्ष्य को पूरा करने पर आ गया है।
बॉक्स
1219 ने लगवाया प्रिकॉशन डोज
कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत शनिवार को 1219 लोगों ने प्रिकॉशन डोज लगवाया, जिसमें से 1183 ने कोविशील्ड और 36 ने कोवैक्सीन की खुराक लगवाई। शहर के आठ अस्पतालों के साथ ही हर घर दस्तक अभियान की 15 टीमें भी घर घर जाकर लोगों को टीके की खुराक लगा रही है। राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. मंजीत सिंह ने बताया कि प्रिकॉशन डोज लगवाने वाले एडवांस बुकिंग की बजाय मौके पर आकर ही टीका लगवा रहे हैं क्योंकि टीकाकरण केंद्रों पर उन्हें महज चार से पांच मिनट का समय लग रहा है।
इनसेट
ऐसे बढ़ रही संक्रमण की चेन
दिन संक्रमित मरीज सक्रिय मरीज
16 जुलाई 88 500
15 जुलाई 80 461
14 जुलाई 91 444
13 जुलाई 72 408
12 जुलाई 74 393
11 जुलाई 34 371
10 जुलाई 61 371
कोट-
संक्रमण की लुका-छिपी का खेल जरा सी लापरवाही से घातक सिद्ध हो सकता है। इसलिए बचाव के मानकों को लेकर सजग रहे। ये कतई न सोचे कि आप पहले संक्रमित हो चुके हैं तो अब संक्रमण का खतरा कम है। याद रखिए अगर वायरस रूप बदलकर पहले से घातक रूप में हमला करेगा तो सारे उपाय नाकाम साबित होंगे इसलिए बचाव को लेकर लापरवाही न करें।
-डॉ. आरएस बेदी, सलाहकार, विश्व स्वास्थ्य संघ