भाजपा नेता मनोहर लाल खट्टर रविवार को पंचकुला के सेक्टर पांच स्थित परेड ग्राउंड में आधा दर्जन से अधिक मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
मंत्रियों में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल रहे सभी 4 नेताओं कैप्टन अभिमन्यु, रामविलास शर्मा, ओमप्रकाश धनखड़ और अनिल विज के अलावा एक महिला, एक अनुसूचित जाति, एक यादव सहित दो अन्य विधायकों के नाम हैं।
खास बात यह है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने राज्य के आला नेताओं के साथ चली दो घंटे की बैठक में नहीं, बल्कि बैठक के बाद खट्टर को फोन पर आलाकमान की पसंद के नाम बताए। इससे पहले खट्टर ने राज्य के प्रभारी अनिल जैन, प्रदेश अध्यक्ष रामविलास शर्मा के साथ संभावित मंत्रियों की सूची तैयार करने के बाद इसे शाह को सौंपा था।
बैठक के बाद शाह के साथ हुई पार्टी के संगठन महासचिव, प्रभारी सहित राज्य के आला नेताओं की बैठक में मंत्रिमंडल पर कोई चर्चा नहीं हुई। करीब दो घंटे चली बैठक में भावी सरकार के भावी कार्यक्रमों और नीतियों पर चर्चा हुई।