भाजपा का संकल्प पत्र आज रोहतक में नड्डा को करना था जारी, देर रात कार्यक्रम हुआ रद्द
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। भाजपा और कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में प्रचार तेज कर दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बुधवार को दिल्ली में हरियाणा की गारंटियां लॉन्च करेंगे। कार्यक्रम में राहुल गांधी भी पहुंच सकते हैं। उधर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी बुधवार को रोहतक के पार्टी कार्यालय से पार्टी का घोषणा पत्र जारी करना था, लेकिन देर रात उनका कार्यक्रम रद्द हो गया।
कांग्रेस अपनी गारंटियों में हर वर्ग के लिए बड़ी घोषणाएं कर सकती है, जिनमें बुजुर्गों को हर महीने 6000 रुपये प्रति महीने पेंशन, हर महिला को तीन हजार रुपये महीना, 500 रुपये में सिलिंडर, दो लाख खाली सरकारी पदों पर भर्ती, एमएसपी की कानूनी गारंटी, जाति जनगणना व पिछड़ों का आरक्षण बढ़ाने का वादा कर सकती है। भाजपा के घोषणा पत्र में भी रोजगार, किसान, महिलाओं, स्वास्थ्य सुविधाएं और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस रहने वाला है। भाजपा ने संकल्प पत्र तैयार करने के लिए कमेटी गठित की थी, जिसका चेयरमैन भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ को बनाया था। धनखड़ ने कमेटी के सभी सदस्यों को अलग-अलग विषय सौंपकर लोगों से राय मंगवाई थी। पार्टी ने लोगों की राय के आधार पर घोषणा पत्र तैयार कर लिया है।
कांग्रेस दे सकती है हर परिवार को 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा
कांग्रेस की गारंटियों में स्वास्थ्य बीमा भी होगा। राजस्थान की तर्ज पर हरियाणा में भी कांग्रेस हर व्यक्ति के 25 लाख तक के स्वास्थ्य बीमा की घोषणा कर सकती है। इसके साथ हर महिला को तीन हजार रुपये महीना देने की भी पार्टी गारंटी दे सकती है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पहले घोषणा पत्र मंगलवार को जारी होने वाला था। हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व चौधरी उदयभान समेत कई नेता दिल्ली भी पहुंच गए थे, मगर कांग्रेस ने अपनी रणनीति में बदलाव कर गारंटी लॉन्च करने का फैसला किया। अब बुधवार दोपहर दो बजे दिल्ली में कांग्रेस अपनी गारंटी लॉन्च करेगी। इस दौरान राहुल गांधी भी मौजूद रह सकते हैं।
पिछली बार भाजपा ने 258 वादे किए थे
साल 2019 में भाजपा के पास जनता के 1.70 लाख सुझाव आए थे। 258 वादों के माध्यम से भाजपा ने हर वर्ग को छूने का प्रयास किया था। हालांकि इनमें से कई वादे भाजपा पूरे कर चुकी है। इनमें कुछ ऐसे हैं, जिनकी शुरुआत अंतिम समय में हुई है। इसलिए वह पूरे नहीं हो सके हैं।