हरियाणा की सीएम सिटी अब स्मार्ट सिटी बनेगी। करनाल को आधुनिक शहर बनाने के लिए आगामी पांच वर्षों में 1211.04 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। देश के शहरों को स्मार्ट बनाने की दिशा में केंद्र ने अगला कदम बढ़ाया है।
हरियाणा से करनाल के अलावा उत्तर प्रदेश से इलाहाबाद, झांसी, अलीगढ़, उत्तराखंड से देहरादून, जम्मू-कश्मीर से जम्मू व श्रीनगर और हिमाचल प्रदेश से शिमला समेत 30 शहरों को स्मार्ट सिटी मिशन में शामिल किया है। इन शहरों को अगले पांच वर्षों में करीब 57 हजार करोड़ के निवेश से आधुनिक बनाया जाएगा। विज्ञान भवन में शुक्रवार को स्मार्ट सिटी की तीसरी सूची जारी करते हुए केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने बताया कि दो साल पहले 100 शहरों के लिए स्मार्ट सिटी मिशन लांच किया गया था। इसमें से 90 का चयन हो गया है। बचे 10 शहरों की सूची आने वाले समय में जारी की जाएगी।
इसके लिए मेरठ, रायबरेली, गाजियाबाद, सहारनपुर, रामपुर समेत 19 शहरों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी। इन शहरों को अपना प्लान नए सिरे से बनाना होगा। बेहतर प्रदर्शन वाले 10 शहर मिशन में शामिल होंगे। नायडू ने बताया कि तीसरी सूची में केरल का त्रिवेंद्रम सबसे ऊपर रहा। दूसरे पायदान पर छत्तीसगढ़ का नया रायपुर है, जबकि निचले तीन पायदानों पर उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद, अलीगढ़ और सिक्किम के गंगटोक रहे।
वेंकैया नायडू के मुताबिक, इन शहरों का कायाकल्प करने के लिए 57,393 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इसमें से आम लोगों की रजामंदी से 46,879 करोड़ रुपये में बुनियादी क्षेत्र का विकास होगा, जबकि 10,514 करोड़ रुपये तकनीकी विकास पर खर्च होंगे। नायडू ने बताया कि नई सूची जारी होने के बाद कुल 90 शहरों में 1,91,155 करोड़ रुपये का निवेश होगा।