चंडीगढ़। पूर्व चैंपियन करणदीप कोचर और बेंगलुरु के गोल्फर एस. चिंगारप्पा ने जीव मिल्खा सिंह इनविटेशनल गोल्फ चैंपियनशिप के पहले ही दिन शानदार प्रदर्शन करते 7 अंडर 65 का स्कोर बनाया और दोनों संयुक्त रूप से अंक तालिका में शीर्ष पोजिशन पर पहुंचे। यह चैंपियनशिप चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में 13 से 16 अक्तूबर तक खेली जानी है। इसमें जीव मिल्खा सिंह के साथ देश के कई प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं।
पहले दिन के खेल में वीर अलहावत 66 का स्कोर कार्ड खेलते हुए तीसरे स्थान पर रहे। ज्योति रंधावा, संदीप सिंह के साथ शहर के युवा गोल्फर आदिल बेदी के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहे। वर्ष 2019 में जीव मिल्खा सिंह इनविटेशनल टूर्नामेंट के विजेता अजितेश संधू 48वें पायदान पर चल रहे हैं। जीव मिल्खा सिंह पहले दिन कुल 77 अंकों का स्कोर कार्ड खेलते हुए 114वें स्थान पर रहे। वहीं पूर्व विजेता शिव कपूर टूर्नामेंट के शुरू होने से एक दिन पहले बैक इंजरी होने से बाहर हो गए।
अहमदाबाद में खिताब जीतने से आत्मविश्वास बढ़ा
जीव मिल्खा सिंह इनविटेशनल गोल्फ चैंपियनशिप साल 2020 के विजेता करणदीप कोचर ने कहा कि पिछले दिनों अहमदाबाद में पीजीटीआई टूर्नामेंट का खिताब जीतने से इस चैंपियनशिप में भी उत्साहित था। यह मेरा होम ग्राउंड है। यहां पर खेलने का भी मेरा अनुभव रहा है। दिन के पहले ही शॉट से मुझे खेलने में मदद मिली और बेहतर शॉट्स का चुनाव करते हुए दिन का खेल खत्म होने तक शीर्ष पर पहुंचा। शुक्रवार को भी इसी तरह का प्रदर्शन करना चाहूंगा।