पांचवें कबड्डी विश्वकप -2014 का फाइनल मैच शनिवार को गांव बादल के नवनिर्मित खेल स्टेडियम में खेला जाएगा। पुरुष वर्ग का फाइनल मैच भारत-पाकिस्तान और महिला वर्ग में भारत और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच मुकाबला होगा।
पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल ने शुक्रवार को स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और सांसदों, विधायकों और आम लोगों को समारोह में शामिल होने का खुला निमंत्रण दिया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री बादल ने कहा कि प्रदेश सरकार पंजाब के मातृ खेल कबड्डी को बुलंदियों पर पहुंचाने के उद्देश्य से यहां विश्वकप कराया जाता है। उन्होंने कहा कि कबड्डी कप के समापन का नजारा देखने लायक होगा।
उन्होंने सिविल, पुलिस प्रशासनिक व खेल विभाग के अधिकारियों को खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की सहूलियतों के मद्देनजर सभी प्रबंध करने की हिदायत दी।
हरियाणा सीएम होंगे मुख्य मेहमान
फाइनल मैचों के दौरान आयोजित समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मुख्य मेहमान होंगे। केंद्रीय खेल मंत्री सरबानंदा सोनेवाल और फूड प्रोसेसिंग मंत्री हरसिमरत कौर बादल विशेष मेहमान हैं।
रंगारंग कार्यक्रम के दौरान विश्व प्रसिद्ध पाकिस्तानी गायक आरिफ लाहौर के अलावा गिप्पी ग्रेवाल, मिस पूजा गायकी से समां बांधेंगे। इसके अलावा एंकर सतिंदर सत्ती शायराना अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
पाक ने डेनमार्क को हराकर फाइनल में जीत बनाई
स्थानीय बाबा काला महिर स्टेडियम में शुक्रवार को पांचवें कबड्डी विश्व कप 2014 के शुक्रवार को तीसरे स्थान के लिए मैच खेले गए। इस दौरान पुरुष वर्ग में ईरान ने तीसरा स्थान हासिल कर 51 लाख रुपये की इनामी राशि पर कब्जा जमाया जबकि महिला वर्ग में पाकिस्तान ने जीत दर्ज की और 25 लाख रुपये का इनाम हासिल किया।
ईरान ने पहली बार विश्व कप में तीसरा स्थान हासिल किया। ईरान की जीत के साथ विश्व कप के पहले तीन स्थान एशियाई मुल्कों के पक्के हो गए। ईरान के अलावा दो और एशियाई मुल्क भारत और पाकिस्तान पहले ही फाइनल में पहुंच चुके हैं।
पाकिस्तान को 38-28 से मिली जीत
महिला वर्ग में पाकिस्तान ने डेनमार्क को 38-28 के साथ हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। आधे समय तक पाकिस्तान की टीम 18-14 के साथ आगे थी। पाकिस्तान के रेडरों में शहिरेस ने 13 व मतीहा लतीफ ने 12 अंक हासिल किए जबकि सभी ने 8 व सुमारिया ने दो जफ्फे लगाए। डेनमार्क की रेडर मिले पीटकसन ने 15 अंक व माजापीया ने 5 अंक हासिल किए जबकि कोमिला ने पांच जफ्फे लगाए।
ईरान को 48-31 से जीत
ईरान ने इंग्लैंड को 48-31 के साथ हराया। ईरान ने खिलाड़ियों खास करके जाफियों ने इंग्लैंड के रेडरों की एक न चलने दी और पहली बार विश्व कप में तीसरा स्थान हासिल किया। ईरान टीम आधे समय तक 27-12 से आगे थी। ईरान के रेडरों में अहमद ने 11 और अताजादेश ने 8 अंक लिए जबकि जाफी हामिद ने अलीजेरा ने 5-5 जफ्फे लगाए। इंग्लैंड के रेडरों में अवतार सिंह बल्ल ने 8 और गुरदेव सिंह ने 5 अंक प्राप्त किए जबकि जाफी अमनदीप सिंह रियाड ने 6 व बलजीत सिंह जीती कूरन ने दो जफ्फे लगाए।