चंडीगढ़। सेक्टर-48 में अपने दोस्त के फ्लैट पर आए मानसा के रहने वाले जोगिंदर सिंह (27) का सात युवकों ने पिस्टल के बल पर अपहरण कर लिया। आरोपियों ने मारपीट कर जोगिंदर सिंह के हाथ से साेने का कड़ा उतार लिया और मोहाली सेक्टर-85 में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। इसके बाद घायल जोगिंदर सिंह ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, छीनाझपटी सहित कई अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एक पिस्टल बरामद की है। बताया जा रहा है कि आरोपियों के साथ जोगिंदर सिंह की रंजिश चली आ रही है। वारदात तीन नवंबर सुबह की है। पुलिस को दिए बयान में पंजाब के जिला मानसा के वार्ड नंबर-एक निवासी जोगिंदर सिंह ने बताया कि वह दो नवंबर की रात अपने दोस्त केंद्रीय विहार सोसाइटी सेक्टर-48 निवासी नियूस के फ्लैट में मिलने आया था। रात वहीं रुक गया। रविवार सुबह कुलविंदर सिंह, रमनदीप वड़िंग, कुलविंदर वड़िंग, चन्नी, मंदीप सिंह और दो अन्य युवक फ्लैट में घुस आए। फ्लैट में घुसते ही आरोपियों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। कुलविंदरजीत सिंह और कुलविंदर वड़िंग ने पिस्टल निकालकर कनपटी पर तान दी। वह उसे घसीटते हुए पंजाब नंबर की एक क्रूज गाड़ी में उठा ले गए। आरोपी दो गाड़ियों में आए थे। वे उसे अपने साथ मोहाली ले गए। वहां उसकी पिटाई कर हाथ से सोने का कड़ा उतार लिया और सेक्टर-85 में गाड़ी से नीचे फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 333, 140(1), 351(3), 115(2), 61(2) और 25-54-59 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपियों की मोबाइल लोकेशन निकाली और तीन आरोपियों को धर पंजाब से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलविंदरजीत सिंह निवासी वार्ड नंबर 17, राडार का मोहल्ला जिला मानसा, रमनदीप सिंह वर्तमान पता वार्ड नंबर 14, गली नंबर 15, गुरुद्वारा वाली गली मानसा और खुशप्रीत सिंह वर्तमान पता गांव भैणी भागा मानसा पंजाब के रूप में हुई है। जांच टीम ने इन आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों पर पहले भी पंजाब में मारपीट सहित कई अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।