नौकरी डॉट कॉम और मोनस्टर डॉट कॉम जैसी निजी वेबसाइटों की तर्ज पर सरकारी वेबसाइट ऑनलाइन होने वाली है, जिसपर सरकारी नौकरियां उपलब्ध होंगी। हरियाणा सरकार इसपर नई पहल करने जा रही है। सरकार निजी क्षेत्र के आईटी मॉडल पर आधारित राष्ट्रीय कैरियर सेवा केंद्र की स्थापना करेगी।
यह बात प्रदेश के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने सोमवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन अभिभाषण में कही। इसके साथ उन्होंने प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षा के गिरते स्तर पर भी चिंता जताई। हालांकि, लड़कियों की शिक्षा पर जोर देने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों का भी उन्होंने जिक्र किया।
राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सदन ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी और सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 10 बजे तक स्थगित कर दी गई। इसके चलते पहले दिन सदन पटल पर रखे जाने वाले 26 प्रस्ताव अब मंगलवार को रखे जाएंगे और राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा भी शुरू होगी।
राज्यपाल ने अभिभाषण में कहा कि हरियाणा में अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी 5812.75 रुपये प्रति माह निर्धारित की गई है। इसके अलावा मनरेगा के तहत कम से कम 50 दिन तक कार्य करने वाले श्रमिक को हरियाणा भवन निर्माण व अन्य कर्मकार कल्याण बोर्ड की परियोजनाओं में लाभार्थी बनाने का फैसला लिया गया है।