नयागांव की महिला से गहने उतरवाए फिर पेक लाइट पॉइंट पर फेंककर आने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। पेक लाइट पॉइंट के पास मंगलवार सुबह तीन बदमाश आंगनबाड़ी में काम करने वाली महिला बुजुर्ग को बातों में उलझाकर गहने लूटकर फरार हो गए। सेक्टर-3 थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और ऑपरेशन की टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन जांची तो पता चला आरोपी मोबाइल वहीं फेंककर चले गए, जिसे पुलिस ने ग्रीन बेल्ट से बरामद कर लिया। इससे पहले भी शहर में इस तरह की कई वारदात हो चुकी हैं।
नयागांव स्थित आदर्शनगर निवासी पीड़िता कमला पेक में आंगनबाड़ी में काम करती हैं। सुबह साढ़े 8 बजे वह ड्यूटी पर जा रही थीं। पेक लाइट पॉइंट पर सफेद रंग के कपड़ों में एक शख्स मिला, उसने पीड़िता से राम मंदिर का रास्ता पूछा। पीड़ित ने कहा यहां राम मंदिर नहीं है और शिव मंदिर मेन मार्केट में है। तभी आरोपी के दो साथी आए और पहले शख्स से बातें करने लगे। महिला ने उन दोनों को कहा कि ऐसे लोग ठग होते हैं, लेकिन उन्होंने महिला को बोला कि नहीं ये भक्त सब सही बता रहा है, क्या पता भगवान किसके रूप में आ जाएं। इस दौरान पहले शख्स ने महिला से उनके घर में बड़ी दुर्घटना होने की बात कही। कांता ने बताया कि उनकी छोटी बेटी बीमार रहती है, इसलिए वह उन दोनों को देखकर पहले शख्स की बातों में आ गई। आरोपी बुजुर्ग को बातों में उलझाकर धीरे-धीरे सुनसान जगह पर सेक्टर 2 की तरफ ग्रीन बेल्ट में ले गए। आरोपी ने महिला को एक पत्थर दिया और कहा इसे पेक लाइट पॉइंट के पास फेंककर आओ। साथ ही कहा कि सोना उतारकर बैग में रख दो आकर ले लेना। सोना पहनकर यह मंत्र काम नहीं करेगा। महिला ने चेन उतार दी लेकिन कान की बालियां फिक्स थीं, जिसे दूसरे आरोपी ने उतार दिया। महिला वापस आई तो वहां न तो बैग मिला और न ही मोबाइल।
झांसा देने के लिए अपने साथियों के सामने इस तरह किया ढोंग
पहले आरोपी ने महिला के सामने अपने दोनों साथियों से पूछा कि उनके पास कितने पैसे हैं। एक आरोपी ने कहा कि उसके पास 27 हजार हैं और दूसरे ने डेढ़ सौ रुपये बताए। महिला को झांसा देने के लिए पहले आरोपी ने मंत्र बोलते हुए डेढ़ साै रुपये बताने वाले अपने साथी से कहा कि तू झूठ बोल रहा है, असल में तेरे पास पांच हजार रुपये हैं। यह देख महिला को लगा कि मंत्र बोलने वाला काफी ज्ञानी है।
जानकारी देते हुए की फोटो ट्रैक पर है।