हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि जेबीटी अध्यापकों की नियुक्ति पर रोक हटाने संबंधी ऑर्डर जैसे ही पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट से राज्य सरकार को मिलेंगे, उसके 24 घंटे के अंदर नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री शनिवार को सीएम आवास पर (हाईकोर्ट में राज्य सरकार द्वारा सही ढंग से पैरवी करके नियुक्ति पर लगी रोक हटवाने पर) उनका आभार व्यक्त करने आए हजारों चयनित जेबीटी अध्यापकों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने इन अध्यापकों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार आज भी अपने वायदे पर कायम है। कोर्ट के ऑर्डर मिलते होते ही 24 घंटे के अंदर ज्वाइनिंग करवा देंगे, चाहे डीईओ ऑफिस में ज्वाइनिंग करवानी पड़े। उन्होंने कहा कि उनके मन में कभी ये ख्याल नहीं आया कि इन जेबीटी अध्यापकों का पिछली सरकार के कार्यकाल में चयन हुआ था और ज्वाइन नहीं करवाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा, आप लोग हमारे बेटे-बेटियां हैं। उन्होंने अपने बचपन के दिनों के समय एक प्राइमरी अध्यापक द्वारा उनको प्रेरित किए गए संस्मरण सुनाते हुए कहा कि वे भी जीवन में प्रेरणा लेकर चलें और समाज की भलाई करें। मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि अब उन्हें सरकारी स्कूलों में पढ़ाई का ऐसा माहौल बनाना है कि प्रदेश के लोगों में अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने की होड़ लगे।