जालंधर। पंजाब की जालंधर वेस्ट विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के का परिणाम शनिवार को घोषित होगा। मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। पहला रुझान सुबह 9 बजे आएगा और दोपहर दो बजे तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इस बार कम वोटिंग ने सभी पार्टियों के नेताओं को चिंता में डाल रखा है, क्योंकि इस बार लोकसभा चुनाव के मुकाबले करीब नौ फीसदी और 2022 के मुकाबले 12.31 प्रतिशत कम वोटिंग हुई है। ऐसे में सभी उम्मीदवारों के वोट प्रतिशत में गिरावट आने की संभावना है। इस बार जालंधर के खालसा कॉलेज (महिला) में वोटों की गिनती की जाएगी। इस दौरान चुनाव अधिकारी, केंद्रीय सुरक्षा बल और पंजाब पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। इस सीट पर भाजपा से पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, आप से भाजपा के पूर्व मंत्री के बेटे मोहिंदर भगत और कांग्रेस से पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर सुरिंदर कौर, जबकि शिअद से सुरजीत कौर चुनाव मैदान में हैं।