पंजाब विधानसभा की जालंधर वेस्ट सीट पर सभी राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, जिसके चलते अब इस सीट पर सियासी पारा बढ़ गया है। जीत के दावे के साथ सभी दल चुनाव मैदान में उतर गए हैं और मतदाताओं का समर्थन जुटाने में जुट गए हैं।
जालंधर सीट का इतिहास कुछ ज्यादा पुराना नहीं है। जालंधर वेस्ट सीट के अस्तित्व में आने के बाद यहां के लोगों ने एक-एक बार सभी राजनीतिक दलों को मौका दिया है। 2022 में आम आदमी पार्टी, 2017 कांग्रेस व 2012 में भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी, लेकिन शिरोमणि अकाली दल के अपना उम्मीदवार उतारने के चलते इस बार मुकाबला चौकोणीय हो गया है।
लोकसभा चुनाव के दौरान किसी भी दल के साथ गठबंधन सिरे न चढ़ने के चलते शिअद जालंधर वेस्ट सीट पर पहली बार चुनाव में मैदान उतरा है। पहले भाजपा और फिर वर्ष 2022 में बसपा के साथ गठबंधन में अकाली दल सहयोगी पार्टी के लिए यह सीट छोड़ता रहा है। यही कारण है कि शिअद के लिए यह उपचुनाव एक परीक्षा भी बन गया है, क्योंकि लोकसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन कुछ खास अच्छा नहीं रहा। पार्टी सिर्फ अपने गढ़ बठिंडा को ही बचा पाई, जबकि बाकी सीटों पर पार्टी का खराब प्रदर्शन रहा।
भाजपा ने आप छोड़कर पार्टी में शामिल हुए शीतल अंगुराल को अपना प्रत्याशी बनाया है। शीतल के विधायक पद से इस्तीफा देने से ही यह सीट खोली हुई थी। आप ने पूर्व मंत्री चुन्नी लाल भगत के बेटे मोहिंदर भगत को चुनाव मैदान में उतारा है। भगत ने वर्ष 2023 जालंधर उपचुनाव के समय भाजपा छोड़कर आप का दामन थामा था। कांग्रेस ने पूर्व डिप्टी मेयर सुरिंदर कौर को उम्मीदवारी दी है। वह लगातार निगम चुनाव जीतती रही हैं। इसी तरह शिअद ने दो बार पार्षद रह चुकीं सुरजीत कौर पर दांव खेला है। वह जत्थेदार स्व. प्रीतम सिंह की पत्नी हैं, जिनकी शिअद में अच्छी पकड़ रही है।
अब तक एक-एक जीत के साथ तीनों दलों के हौंसले बुलंद
जालंधर वेस्ट सीट पर अब तक एक-एक बार जीत दर्ज करके कांग्रेस, आप व भाजपा के हौसले बुलंद हैं। वर्ष 2022 विधानसभा चुनाव की बात की जाए तो तब आप प्रत्याशी शीतल अंगुराल ने 4253 मतों के अंतर से चुनाव जीता था। उन्होंने कांग्रेस के सुशील कुमार रिंकू को मात दी थी। मोहिंदर भगत ने भाजपा से यह चुनाव लड़ा था और वह तीसरे नंबर पर रहे थे।
इसी तरह 2017 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के सुशील कुमार रिंकू ने भाजपा के मोहिंदर भगत को 17,334 के भारी मतों के अंतर से हराया था। तब आप के दर्शन लाल भगत तीसरे नंबर पर रहे थे। वर्ष 2012 विधानसभा चुनाव में भाजपा के चुन्नी लाल भगत ने कांग्रेस की सुमन केपी को 11,343 मतों से मात देकर जीत दर्ज की थी। हाल ही में लोकसभा चुनाव में जालंधर सीट पर जीत दर्ज करके कांग्रेस के हौसले बुलंद हैं। यही कारण है कि कांग्रेस इस सीट पर अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। पंजाब में आम आदमी पार्टी इस समय सत्ता में है। उनके विधायक के इस्तीफा व पार्टी छोड़ने के बाद ही यह सीट खोली हुई है। यही कारण है कि आप भी सीट पर अपनी जीत बरकरार रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
जालंधर वेस्ट सीट पर कुल मतदाता :
महिला - 82327
पुरुष - 89685
थर्ड जेंडर - 8
कुल - 1,72,020
पोलिंग स्टेशन
शहरी - 181
ग्रामीण - 0
दिव्यांग मतदाता - 873
18-19 वर्ष के आयु के मतदाता
महिला - 2282
पुरुष - 2723
कुल - 5005
85 साल से ऊपर आयु के मतदाता
महिला - 382
पुरुष - 364
कुल - 746