कनाडा के वैंकुवर सरी में भारतीय लड़की की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 21 वर्षीय प्रभलीन कौर वहां वर्क परमिट पर गई थी।
पंजाब में नकोदर मार्ग पर स्थित लांबड़ा के निकट चिट्टी गांव की रहने वाली प्रभलीन बिजनेस मैनेजमेंट का कोर्स खत्म कर वर्क परमिट पर कनाडा गई थी और एक संस्थान में नौकरी कर रही थी। हत्यारे ने उसके कमरे में घुसकर गोलियां मारी और फरार हो गया। सरी पुलिस ने घर को सील कर दिया है।
पुलिस ने अधिकारिक रूप से फोन कर प्रभलीन कौर के पिता गुरदियाल मठारू को जानकारी दी है। सरी पुलिस की तरफ से अभी खुलासा नहीं किया गया है कि हत्या क्यों और कैसे की गई है? मठारु के निकटवर्ती रिश्तेदार जोकि कनाडा में हैं, उनको भी पुलिस ने घटना के बारे कुछ नहीं बताया है।
इस घटना से लांबड़ा व आसपास के इलाकों में मातम छा गया। गुरदियाल मठारु फोटो जर्नलिस्ट के रूप में लंबे समय से कार्य करते आ रहे हैं। इसके अलावा उनका नकोदर मार्ग पर लांबड़ा बस स्टाप के निकट फोटो स्टूडियो भी है। गुरिदयाल मठारु ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी प्रभलीन कौर को 2016 में लंगारा कॉलेज में स्टडी के लिए भेजा था।
वह अपना कोर्स पूरा कर चुकी थी और उसे कनाडा सरकार की तरफ से वर्क परमिट मिल गया था। इन दिनों वह सरी में रह रही थी। उनको रविवार को एक फोन कनाडा से आया, जिसमें बोलने वाले ने इतना ही बताया कि वह कनाडा पुलिस से बात कर रहे हैं, उनकी बेटी का कत्ल कर दिया गया है। इसके अलावा उन्होंने किसी सवाल का उत्तर नहीं दिया।
गुरदियाल मठारु ने तत्काल वैंकुवर व सरी में रहने वाले अपने निकटवर्ती लोगों को घटनास्थल पर भेजा और मकान मालिक से संपर्क साधा। मकान मालिक ने इतना ही बताया कि उसका घर सील कर दिया गया है। लड़की की गोलियां मारकर कत्ल कर दी है।