चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के एसडी कॉलेज सेक्टर-32 की छात्रा इतिशा दास ने मंगोलिया के उलानबटोर में आयोजित एशियन ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में कांस्य पदक जीता है। इतिशा दास ने यह ऐतिहासिक पदक महिला अंडर-73 किलोग्राम वर्ग में हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ वह चंडीगढ़ और भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली गर्वित खिलाड़ियों में शामिल हो गई हैं।
अपनी शानदार उपलब्धि के साथ इतिशा को एक और बड़ी सफलता मिली है। इस पदक के साथ ही उनका चयन 20वें एशियन गेम्स 2026 के लिए भी हो गया है, जो 19 सितंबर से 14 अक्टूबर 2026 तक जापान के नागोया और आइची प्रीफेक्चर में आयोजित होंगे।
इतिशा को शहर के कोच संदीप कुंडू ने प्रशिक्षण दिया है। संदीप कुंडू स्वयं अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता, अंतरराष्ट्रीय कोच और भीम अवॉर्डी हैं। उनके अनुभव, मार्गदर्शन और समर्पण ने इतिशा की इस बड़ी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इतिशा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सेक्टर-56 में कोच संदीप कुंडू से ताइक्वांडो की ट्रेनिंग लेती हैं। कोच ने बताया कि उन्हें पूरी उम्मीद थी कि उनकी ट्रेनी इस प्रतियोगिता में पदक जीतने में जरूर कामयाब होगी।