पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने सिंचाई विभाग के डैम विंग पटियाला में तैनात सब-डिविजनल अफसर (एसडीओ) कमिक्कर सिंह दियोल और उनके पारिवारिक सदस्यों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति बनाने का मुकदमा दर्ज किया है।
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि वर्ष 2016 दौरान विजिलेंस ब्यूरो द्वारा एसडीओ कमिक्कर सिंह के विरुद्ध आय से अधिक जायदाद बनाने के आरोपों के तहत पड़ताल शुरू की थी। इसमें कमिक्कर सिंह और उसके पारिवारिक सदस्यों द्वारा अपने ज्ञात साधनों से प्राप्त हुई कुल आय की अपेक्षा 2.38 करोड़ का अधिक खर्चा किया गया, जोकि उनकी आय की अपेक्षा 389.83 प्रतिशत अधिक बनता है।
विजिलेंस की जांच में यह साफ हो गया कि कमिक्कर सिंह ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए आय से अधिक संपत्ति बनाई। अब ब्यूरो ने कमिक्कर सिंह दयोल और उसके पारिवारिक सदस्यों में पत्नी जसवंत कौर, पुत्र शुभदीप सिंह और बेटी राजन दियोल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।