चंडीगढ़। टेनामेंट और स्माल फ्लैट में रहने वाले लोग परेशान हैं। यहां ज्यादातर मजदूर वर्ग के लोग रहते हैं। यह सभी लोग करीब दो महीने से बेरोजगार हैं। लॉकडाउन से पहले जहां काम करते थे वहां से वेतन भी नहीं मिला। ऐसे में उनके मकानों की किस्त के अलावा बिजली और पानी का बिल माफ बकाया है। इस संबंध में चंडीगढ़ कांग्रेस के नेता और पूर्वांचल विकास महासंघ ट्राइसिटी के अध्यक्ष शशि शंकर तिवारी ने प्रशासक वीपी सिंह बदनौर को पत्र लिखकर मकान किराया, बिजली का बिल और पानी का बिल माफ करने की मांग की है। तिवारी ने बताया कि स्माल फ्लैट स्कीम 2006 के तहत जो मकान धनास, सेक्टर 49, रामनगर मौलीजागरां पार्ट 2, रामदरबार, 38 वेस्ट, मलोया में मिले हैं, उनका प्रति महीना 900 रुपये किस्त एवं बिजली पानी सब लेकर तकरीबन 2000 रुपये प्रत्येक महीना बिल आ रहा हैं। वर्तमान समय मे इसको भरने मे मजदूर वर्ग असमर्थ हैं। ऐसे में इनके मकानों का किस्त, बिजली एवं पानी का बिल माफ किया जाए।