चंडीगढ़। आय से अधिक संपत्ति के मामले में घिरे चंडीगढ़ पुलिस के इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह सेखों की पत्नी इंस्पेक्टर परमजीत कौर सेखों को कोर्ट ने उनके सोने के गहने 15 दिनों के लिए लौटाने का आदेश दिया है। अगले महीने उनके भतीजे की शादी है, जिसके लिए गहनों की जरूरत बताई गई है।
अदालत ने कहा है कि गहने 16 फरवरी तक वापस सीबीआई के जांच अधिकारी को लौटाने होंगे। गहनों के बदले 80 लाख रुपये की श्योरिटी राशि जमा करना अनिवार्य होगा। अक्तूबर 2024 में इन गहनों की कीमत 30 लाख रुपये थी जो अब करीब 80 लाख रुपये हो गई है।
सीबीआई ने अर्जी का विरोध किया। वकील ने कहा कि दोनों आरोपी हैं और जांच जारी है। गहने मामले में अहम सबूत हैं इसलिए इन्हें रिलीज नहीं किया जाना चाहिए। परमजीत कौर ने कोर्ट में दावा किया कि गहने उनकी मेहनत की कमाई है और बैंक लॉकर की जांच पूरी हो चुकी है। तीन साल पहले सात लाख रुपये रिश्वत मामले में इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह सेखों का नाम भी सामने आया था। जांच के दौरान सामने आया कि दंपती ने अपनी आय से 80 प्रतिशत अधिक संपत्ति बनाई थी।