चंडीगढ़। सेक्टर-23 से मासूम भाई-बहन अचानक घर से लापता हो गए। परिजनों ने पहले खुद तलाशा, जब बच्चे नहीं मिले तो पुलिस को सूचना दी। इसी बीच दोनों बच्चे लालडू के गांव सरसिनी के सरपंच मंजीत सिंह को मिल गए। पुलिस वहां से दोनों बच्चों को ले आई। बच्चों ने बताया कि वे स्वीमिंग पूल की तलाश में निकले थे। एक ऑटो वाले अंकल उन्हें लालड़ू ले गए।
पुलिस के मुताबिक, बहन की उम्र 11 साल है जबकि भाई 5 साल का है। बुधवार दोपहर बाद साढ़े 3 बजे दोनों बिना किसी को बताए घर से खेलने निकल गए। शाम तक जब बच्चे नहीं लौटे तो घरवालों ने तलाशना शुरू कर दिया। बाजारों के सीसीटीसी कैमरे भी खंगाले लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सेक्टर-17 थाना प्रभारी राम रतन शर्मा टीम के साथ पहुंचे और तलाश शुरू की। इसी दौरान करीब साढ़े सात बजे बच्चों के पिता के मोबाइल पर लालडू के गांव सरसिनी के सरपंच मंजीत सिंह ने फोन कर बताया कि दोनों भाई बहन उनके गांव में हैं। पुलिस टीम तुरंत वहां पहुंची और बच्चों को परिजनों के हवाले कर दिया।
जांच में सामने आया कि बच्चों ने घर से निकलते ही किसान भवन से ऑटो लिया। ऑटो वाले ने जब मां-बाप के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा आगे ही हैं। ट्रिब्यून चौक पर फिर ऑटो वाले ने मां-बाप के बारे में पूछा और उन्होंने फिर झूठ बोल दिया। इस तरह ऑटो लालडू के गांव सरसिनी तक पहुंच गया। यहां एक चाय की दुकान के पास ऑटो वाले ने उन्हें उतार दिया। गांव के सरपंच की नजर बच्चों पर पड़ी तो उन्होंने अपने पास रख लिया। इसके बाद बच्चों से मोबाइल नंबर लेकर उनके पिता को फोन कर दिया।