चंडीगढ़। नवरात्र में फलों पर भी महंगाई की मार साफ नजर आ रही है। अगर पिछले साल के मुकाबले इस साल के फलों की कीमत देखी जाए तो सभी में 15 से 20% का इजाफा हुआ है। चंद दिनों पहले 80 रुपये दर्जन बिक रहा केला शनिवार को सेक्टर- 26 की मंडी में 120 रुपये (केमिकल फ्री) के दाम से खरीदा गया। वहीं, कश्मीरी सेब 140 रुपये व किन्नौर का सेब 200 रुपये किलो रहा। फल विक्रेताओं का कहना है कि आवक ठीक होने के बावजूद माल की ढुलाई व डीजल पेट्रोल की कीमत में हुई बढ़ोतरी के कारण फलों के रेट तेजी से बढ़ रहे हैं।
सेक्टर- 26 स्थित फल मंडी के फल विक्रेता रामलाल गोगी ने बताया कि केला, सेब, अनार, पपीता, संतरा, मौसम्मी के साथ ही तरबूज की आवक काफी मात्रा में हो रही है। जहां तक नवरात्रि में फलों के दाम बढ़ाने की बात है तो अचानक से बढ़ी डिमांड के कारण भी यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने बताया कि पिछले साल की तुलना में सेब और केला ज्यादा महंगा हुआ है। वहीं फल विक्रेता राजू ने बताया कि महंगाई के कारण खाद्य सामग्रियों के साथ ही फलों की कीमत में भी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। त्योहार और व्रत के समय सामान्य तौर पर सभी फलों की कीमत में 15 से 20 फीसदी का इजाफा होना तय है। नवरात्रि पर भी ऐसा ही है।
इनसेट
फल पिछले साल की कीमत/मौजूदा कीमत
केला 80 रुपये किलो 120 (केमिकल फ्री) रुपये किलो
सेब कश्मीरी 70-80 रुपये किलो 130-140रुपये किलो
सेब किन्नौरी 120-130 रुपये किलो 200 रुपये किलो
पपीता 50 रुपये किलो 60-80 रुपये किलो
संतरा 100 रुपये किलो/120 रुपये किलो
मौसम्मी 50 रुपये किलो 40 रुपये किलो