चंडीगढ़। त्याहोरों के सीजन में महंगाई की मार पड़ गई है। महज एक महीने में ही कच्ची मूंगफली की कीमत में प्रति किलो 50 रुपये का इजाफा हुआ है। पहले जो मूंगफली फुटकर में 120 रुपये किलो बिक रही थी वह अब 170 से 175 रुपये बिक रही है। इतना ही नहीं मूंगफली के साथ ही दालें भी आंखें तरेर रही हैं। स्थिति यह है कि सभी दालों की कीमतों में एक महीने के अंंदर 30 से 50 रुपये तक का इजाफा हुआ है। इससे गृहणियां परेशान हैं। उनका कहना है कि व्रत और त्योहार से पहले महंगाई का ये असर है तो त्योहारी सीजन में जाने क्या होगा। ऑल चंडीगढ़ रिटेल किराना एसोसिएशन के अध्यक्ष राजिंदर जैन ने बताया कि महंगाई का मुख्य कारण दाल की पैदावार कम होना है। इसके साथ ही देश के प्रमुख स्टॉकिस्ट की रणनीति भी दाम तय करने में अहम भूमिका निभा रही है। वे अपने रेट निकालकर उसके अनुसार खाद्य सामग्रियों की कीमत बढ़ा रहे हैं। इस पर लोकल स्तर पर कोई नियंत्रण नहीं हो सकता है। जब भी महंगाई होती है, तब फुटकर व्यवसायी को नुकसान होता है क्योंकि वस्तुएं बढ़ी कीमत पर बेचने पर उसके ग्राहक कम होते हैं। इस डर से उसे मार्जिन कम करना पड़ता है।
गृहणियों को बजट बिगड़ने का सता रहा खतरा
महंगाई के कारण अब तो डर लगने लगा है। कभी टमाटर तो कभी प्याज और दाल, सभी चीजें महंगाई के कारण पहुंच से दूर हो रही है। सरकार को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
-प्रीति चौधरी, बहलाना
घर चलाना हो रहा है मुश्किल
व्रत और त्योहार तो छोड़िए, सामान्य दिनों में घर चलाना मुश्किल हो रहा है। आए दिन किसी न किसी ऐसी खाद्य सामग्री की कीमत बढ़ रही है जिसकी कमी से खाने का स्वाद बिगड़ जा रहा है।
-नीलम यादव, मलोया
मुश्किल स्थिति... क्या खाया जाए, क्या छोड़ा जाए
आटा, दाल, चावल, दूध सबकुछ तो तेजी से महंगा हो रहा है। अब ऐसी स्थिति में क्या खाया जाए और क्या छोड़ा जाए। किचन तो अब तनाव का मुख्य कारण बनता जा रहा है। महंगाई के कारण घर चलाना मुश्किल हो रहा है।
-रोशनी देवी, हल्लोमाजरा
इनसेट
महंगाई बढ़ रही तेजी से
सामग्री एक महीने पहले की कीमत अब की कीमत
कच्ची मूंगफली 120 रुपये किलो 170 से 175 रुपये किलो
चना दाल 60 रुपये किलो 80 रुपये किलो
काला चना 60 रुपये किलो 80 रुपये किलो
सफेद चना 95 रुपये किलो 140 रुपये किलो
राजमा 150 रुपये किलो 190 रुपये किलो
उड़द दाल 80 रुपये किलो 130 रुपये किलो
मूंगदाल 105 रुपये किलो 130 रुपये किलो
आटा 260 रुपये प्रति 10 केजी 295 रुपये प्रति 10 केजी