शहीदों को श्रद्धांजलि देते जवान
- फोटो : अमर उजाला
देशभर में बुधवार को 61वां भारतीय पुलिस बल शहीदी दिवस मनाया गया। इस मौके पर सेक्टर-17 स्थित पुलिस स्टेशन ग्राउंड में ड्यूटी के दौरान शहीद जवानों को शहीद स्मारक पर चंडीगढ़ डीजीपी संजय बेनीवाल ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। एसएसपी कुलदीप सिंह चहल समेत अन्य आला अधिकारियों ने शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि देकर उन्हें याद किया। साथ ही पुलिसकर्मियों ने भी हथियार और सिर झुकाकर शहीद पुलिसकर्मियों को नमन किया। साथ ही दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
इस मौके पर एसपी क्राइम व ट्रैफिक मनोज कुमार मीणा, एसपी सिटी विनीत कुमार, डीएसपी, इंस्पेक्टर, एसएचओ, चौकी इंचार्ज समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। बता दें कि भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के जवानों की याद में भारतीय पुलिस बल शहीदी दिवस मनाया जाता है।
60 साल पहले 21 अक्टूबर 1959 के दिन भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल की एक टुकड़ी लद्दाख की पहाड़ियों पर गश्त कर रही थी। इस दौरान गश्त कर रही टुकड़ी पर चीनी सेना ने हमला कर दिया था और उस वक्त लगभग 10 भारतीय जवान शहीद हो गए थे। तभी से शहीद हुए सैनिकों की याद में शहीदी दिवस मनाया जाता है।