भारतीय मुक्केबाज नीरज गोयत ने एक बार फिर पाकिस्तानी मूल के पूर्व विश्व चैंपियन आमिर खान को मुक्केबाजी के लिए चुनौती दी है। पिछले साल सऊदी अरब के जेद्दा में आयोजित डब्ल्यूबीसी पर्ल वर्ल्ड चैंपियनशिप में इन दोनों का मुकाबला होना था, लेकिन मुकाबले से कुछ दिन पहले ही नीरज की कार का एक्सीडेंट हो गया था और वह जख्मी हो गए थे।
यमुनानगर के रहने वाले 27 वर्षीय मुक्केबाज अब पूरी तरह से फिट हैं और लड़ने के लिए उत्सुक हैं। नीरज ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान उसने यमुनानगर में रहकर कड़ी प्रैक्टिस की है। अब कोविड-19 के तहत लगे लॉक डाउन में ढील के साथ खेल गतिविधियां शुरू होने लगी हैं।
ऐसे में चोट के कारण जो मुकाबला टल गया था, मैं वह चुनौती पूरा करने के लिए फिट हूं। उन्होंने कहा कि जब भी आमिर कहता है, जहां भी वह कहता है, मैं मुकाबले के लिए तैयार हूं। मैं उनसे रिंग में भिड़ने के लिए अब और इंतजार नहीं कर सकता। वह एक चैंपियन मुक्केबाज हैं और उनको हराकर मुझे संतुष्टि मिलेगी।
कोविड 19 के चलते आयोजक कुछ समय ले सकते हैं, लेकिन उन्हें जल्द ही मुकाबले की योजना बनानी चाहिए। नीरज गोयत ने कहा कि मुझे यकीन है कि हमारा मुकाबला भारत में पेशेवर मुक्केबाजी को बढ़ावा देगा। मैं कई बार फोन पर आमिर से बात करता हूं। हम रिंग के बाहर दोस्त हैं, लेकिन रिंग के अंदर हम बिल्कुल अलग हैं।