भारतीय सेना की 63 कैवलरी की डायमंड जुबली के अवसर पर भारतीय सेना का एक दल रविवार को साइकिल यात्रा पर रवाना हुआ। कुल 1900 किलोमीटर की यात्रा को दो चरणों में बांटा गया है।
पहला चरण भुज से अलवर होगा और दूसरा चरण अलवर से अमृतसर। पहले चरण को पूरा करने में कम से कम 20 दिन लगेंगे जो करीब 1180 किलोमीटर की यात्रा होगी। यात्रा के दौरान के दल के सदस्य स्थानीय लोगों से मिलेंगे, उनसे बात करेंगे और इंडियन आर्मी के बारे में बताएंगे।
रविवार को यात्रा को हरी झंडी वेस्टर्न कमांड के जीओसी इन सी लेफ्टिनेंट जनरल केजे सिंह ने दिखाई। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के दौरान दल के सदस्यों को एडवेंचर और नेचर को करीब से जानने का मौका मिलेगा।
कैप्टन हिमांशु करन पहले फेज की यात्रा तक दल का नेतृत्व करेंगे। दल में एक ऑफिसर, एक जूनियर कमिशंड ऑफिसर और 11 दूसरे रैंक के अधिकारी शामिल हैं।