चंडीगढ़। तीन दिनों की बारिश के बाद अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। जीएमएसएच-16 समेत शहर के सभी सिविल अस्पतालों की ओपीडी में बुधवार को पिछले चार दिनों की तुलना में सबसे ज्यादा मरीज पहुंचे। इनमें ज्यादातर मरीजों काे पेट दर्द और पेट संबंधी अन्य मर्ज की शिकायत थी। वहीं बुखार, खांसी, त्वचा संबंधी मर्ज और आंखों में एलर्जी के मरीज भी सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा रहे। डॉक्टरों का कहना है कि बरसात के बाद अचानक से हुई तीखी धूप बैक्टीरिया को पनपने में मदद करती है इसलिए इस समय पेट संबंधी मर्ज सबसे ज्यादा हो रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि खान-पान में सावधानी बरतें और पानी उबालकर पिएं।
जीएमएसएच-16 के बालरोग विभाग की प्रमुख डॉ. सद्भावना पंडित का कहना है कि बरसात में छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें। छह महीने तक के बच्चों को सिर्फ मां का दूध दें। वहीं बड़े बच्चों को हल्का खाना दें, उनके साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। बच्चों को तरल पदार्थ ज्यादा दें। मसालेदार भोजन का सेवन हर किसी के लिए हानिकारक हो सकता है।
पीजीआई और जीएमसीएच 32 की ओपीडी में नए से ज्यादा फॉलोअप वाले मरीजों की भीड़ रही क्योंकि पंजाब, हिमाचल और आसपास के अन्य प्रदेशों से आने वाले हजारों मरीज पिछले दिनाें हुई बरसात के कारण पीजीआई तय समय पर नहीं पहुंच पाए थे। पीजीआई प्रशासन ने बरसात के दौरान अपनी तारीख पर इलाज और जांच के लिए न आ पाने वाले मरीजों को राहत दी है। उन्हें दोबारा तारीख दी जा रही है।