चंडीगढ़। चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (सीआईएएल) ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से विमानन कंपनियों के लिए एक नई प्रोत्साहन योजना लागू की है। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, यह कदम क्षेत्र के व्यापारिक संगठनों, विभिन्न संघों और स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों के बाद उठाया गया है जो देश-विदेश के प्रमुख गंतव्यों के लिए सीधी उड़ान सेवाएं शुरू करने की मांग कर रहे थे।
सीआईएएल अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण भारत में तिरुवनंतपुरम और कोच्चि, उत्तर भारत में अमृतसर, कुल्लू, जोधपुर, उदयपुर, जैसलमेर, प्रयागराज, अयोध्या और जम्मू, पश्चिमी भारत में नागपुर, वडोदरा, सूरत, नांदेड़ और नासिक के लिए सीधी उड़ानों की मांग सामने आई है। इसके अलावा पूर्वोत्तर क्षेत्र में गुवाहाटी और बागडोगरा, जबकि पूर्वी भारत में रायपुर, भुवनेश्वर और रांची जैसे शहरों को भी चंडीगढ़ से जोड़ने की जरूरत बताई गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिंगापुर, बैंकॉक, मलयेशिया, श्रीलंका, नेपाल, लंदन, कनाडा और अन्य वैश्विक केंद्रों के लिए भी उड़ान सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, यह एयरलाइन प्रोत्साहन योजना नए और अब तक अप्रयुक्त घरेलू व अंतरराष्ट्रीय मार्गों के विकास को बढ़ावा देने के लिए तैयार की गई है। योजना के तहत मार्ग विकास, यात्री यातायात में वृद्धि, बेहतर कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस योजना के अंतर्गत एयरलाइनों को प्रति यात्री वित्तीय सहायता, पार्किंग शुल्क में छूट और सुरक्षा जमा राशि में रियायत जैसे लाभ दिए जाएंगे। एयर इंडिया, इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, एलायंस एयर, स्पाइसजेट, आकाश एयर, स्टार एयर के साथ-साथ शंख एयर, अलहिंद एयर और फ्लाई एक्सप्रेस जैसी नई एयरलाइनों को भी इस योजना का लाभ उठाने और चंडीगढ़ एयरपोर्ट से नए मार्गों पर परिचालन शुरू करने के लिए आमंत्रित किया गया है।