चंडीगढ़। कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने पुलिस विभाग की मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। पिछले दो महीने में हर दूसरे दिन चंडीगढ़ पुलिस का एक जवान कोरोना संक्रमित हो रहा है। आखिरी के दो महीने में डीजीपी समेत 27 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें अभी भी आठ पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है, जबकि एक होमगार्ड की जान जा चुकी है। शहर के अलग-अलग थाना पुलिस को कोरोना के प्रकोप से बचने के लिए एहतियात बरतने को कहा गया है।
मार्च 2020 से अब तक करीब 265 पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। कोरोना के प्रकोप से मलोया थाना, सेक्टर-61 पुलिस चौकी, पंजाब विश्वविद्यालय पुलिस बीट बॉक्स व सेक्टर-26 पुलिस लाइन, सेक्टर-9 पुलिस मुख्यालय को सील तक कर दिया गया था, ताकि कोरोना को फैलने से रोका जा सके। डीजीपी संजय बेनीवाल, एसपी सिटी विनीत कुमार, डीएसपी दिलशेर सिंह चंदेल, डीएसपी राजीव अंबस्ता, इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह, मलोया थाना प्रभारी चिरंजी लाल समेत अन्य पुलिस अधिकारी संक्रमित हुए थे, जिसके बाद 3 फरवरी को सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों का टीकाकरण शुरू किया गया था, जिसमें करीब छह हजार कर्मियों का टीकाकरण हो चुका है, जबकि कई पुलिस टीकाकरण के लिए स्वस्थ नहीं होने की वजह से उन्हें सूची में रखा गया है। वहीं, 40 फीसदी पुलिसकर्मियों ने कोरोना की दूसरी खुराक लगवाई है।