चंडीगढ़। बीते मंगलवार की रात को सेक्टर-22 स्थित मोबाइल मार्केट में दुकानदार के पास मोबाइल बेचने आए युवक द्वारा गोलियां चलाने के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी युवक की शिनाख्त करने के लिए पीड़ित पक्ष को चौकी में बुलाया। आरोप है कि गुस्साए पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित से उठ-बैठक भी करवाई और तबीयत खराब होने पर जब उसे उल्टी हुई तो साफ करवाई। इस मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने बुधवार को उक्त पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एसएसपी के पास लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। इस मामले में चौकी इंचार्ज कई फोन किया गया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
गौरतलब है कि बीती मंगलवार की रात को सेक्टर-22 में मोबाइल की दुकान चलाने वाले सोनू गुप्ता ने बताया कि उसकी दुकान पर रात में करीब साढ़े आठ बजे एक युवक तीन आइफोन बेचने के लिए आया था। दुकानदार सोनू को कुछ शक हुआ और उसने फोन खरीदने से इन्कार कर दिया। इस पर युवक बिफर गया और दोनों के बीच हाथापाई हो गई। देखते ही देखते मोबाइल बेचने आए युवक ने दुकान के बाहर गोलियां चला न। इसके बाद सूचना पाते ही क्राइम टीम सहित स्थानीय थाना पुलिस व डीएसपी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जांच करते हुए रात में ही एक युवक को हिरासत में ले लिया और शिनाख्त के लिए उसे सेक्टर-22 पुलिस चौकी बुलाया गया।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर ही लगाए गंभीर आरोप
सोनू गुप्ता ने बताया कि वह रात में अपने भाई के साथ चौकी में गया। उसका भाई आरोपी की गाड़ी की वीडियो बनाने लग गया। इस दौरान वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी भड़क गया और उसके भाई के हाथ से मोबाइल छीन लिया। जब उसने पुलिसकर्मी को मोबाइल वापस देने को कहा तो वह भड़क गया। वह उसे पकड़कर चौकी के अंदर कमरे में ले गया और वहां उसकी पेंट उतरवाकर बेल्ट से उसकी जमकर पिटाई की। सोनू गुप्ता ने आरोप लगाया कि करीब आधे घंटे तक लगातार पिटाई करने के बाद उसे उठक-बैठक करवाई गई। इस दौरान तबीयत खराब हो गई और उल्टियां भी लग गई। लेकिन उक्त पुलिसकर्मी ने बिना कोई रहम किए उसी से उसकी उल्टियां भी साफ करवाई। उसे बिना कसूर अवैध तरीके से हिरासत में रखते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया गया। इसलिए पीड़ित पक्ष ने सेक्टर-22 चौकी पुलिस कर्मियों के खिलाफ एसएसपी को लिखित शिकायत दी।