8 से 10 नवंबर तक एडवांस्ड आई सेंटर में 24 घंटे रहेगी इमरजेंसी सेवा, डॉक्टरों की विशेष टीम तैनात
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। दिवाली पर पटाखों से आंखों में चोट लगने की घटनाओं से निपटने के लिए पीजीआई ने विशेष इंतजाम किए हैं। 8 से 10 नवंबर तक एडवांस्ड आई सेंटर में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके लिए डॉक्टरों और रेजिडेंट्स की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। नेत्र रोग विभाग की प्रमुख प्रो. उषा सिंह ने कहा कि पटाखों से आंखों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने देने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। पीजीआई प्रशासन ने डॉक्टरों को इमरजेंसी में उपलब्ध रहने और विशेषज्ञों की देखरेख में मरीजों का इलाज करने के निर्देश दिए हैं। पटाखों से घायल मरीजों का पूरा रिकॉर्ड भी रखा जाएगा। विभाग ने सलाह दी है कि आंख में चोट लगने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें। आंख को रगड़ें या दबाएं नहीं और घरेलू उपचार से बचें।
इमरजेंसी में इन नंबरों पर करें संपर्क
मोबाइल नंबर : 9814014464
एडवांस्ड आई सेंटर इमरजेंसी : 6117
पीजीआई ने लोगों से सावधानी बरतते हुए सुरक्षित दिवाली मनाने की अपील की है।