खेल निदेशालय ने प्रदेश की सभी खेल एसोसिएशन को पत्र जारी किया
चंडीगढ़। हरियाणा के खिलाड़ियों में बढ़ रहे शक्तिवर्धक और नशीली दवाइयों के प्रयोग की आदत को बंद करने के लिए हरियाणा खेल विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। अब भविष्य में अगर कोई खिलाड़ी डोपिंग में फंसता है तो इसके लिए खिलाड़ी के साथ-साथ संबंधित खेल एसोसिएशन भी निलंबित हो जाएगी। साथ ही प्रतियोगिता से पहले एसोसिएशन के पदाधिकारियों को इसके लिए शपथ पत्र देना होगा। इसमें लिखना होगा कि संबंधित प्रतियोगिता में शक्तिवर्धक दवाओं का प्रयोग नहीं किया जाएगा। खेल निदेशालय की ओर से सभी खेल एसोसिएशन को जारी पत्र में कहा, अगर कोई खिलाड़ी डोप टेस्ट में पकड़ा गया तो खेल संघ या एसोसिएशन को भविष्य में प्रतियोगिता के लिए जगह नहीं दी जाएगी। गौर हो कि हिसार में हुई मुक्केबाजी प्रतियोगिता के दौरान इंजेक्शन और सिरिंज मिले थे। इसके बाद से खेल विभाग सतर्क हो गया है। बता दें कि अब तक प्रदेश के 15 से अधिक खिलाड़ी डोप टेस्ट में फंस चुके हैं।