चंडीगढ़। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक घोटाले से जुड़े मामले में शनिवार को चंडीगढ़ की विशेष सीबीआई अदालत में सुनवाई हुई। पंचकूला के सेक्टर-5 थाने में दर्ज एक अन्य मामले में तीन दिन की पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपी रिभव ऋषि और अंकुर शर्मा को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया गया। विशेष न्यायाधीश भावना जैन की अदालत ने अगली सुनवाई 16 सितंबर तय की है।
अदालत ने कहा कि कई आरोपियों के खिलाफ आवश्यक मंजूरी अभी प्राप्त नहीं हुई है और चालान की प्रति की जांच भी बाकी है। वेद प्रकाश चौधरी की वाहन रिलीज करने संबंधी अर्जी पर भी 16 सितंबर को सुनवाई होगी। आर्थिक अपराध शाखा के प्रभारी की अनुपस्थिति पर अदालत ने 10 हजार रुपये के जमानती वारंट जारी कर अगली सुनवाई में उनकी मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रिभव ऋषि, अंकुर शर्मा समेत नौ आरोपी अगली सुनवाई तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे। जमानत पर चल रहे अमित दीवान को भी अगली तारीख पर पेश होने का निर्देश दिया गया है।