पंजाब यूनिवर्सिटी के आईएएस कोचिंग केंद्र परिसर में निजी कोचिंग संस्थानों के विज्ञापन लगे हुए हैं जबकि बाहरी कोचिंग केंद्रों के मुकाबले संस्थान पांच गुना सस्ती कोचिंग दे रहा है। बहुत कम छात्रों को इस बारे में जानकारी है। छात्रों का कहना है कि पीयू के कोचिंग केंद्र से सकारात्मक परिणाम नहीं निकलता है।
पीयू में छात्रों के लिए सस्ती सुलभ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सेंटर फॉर आईएएस एंड अदर कॉम्पीटेटिव एग्जाम नाम से कोचिंग केंद्र है। यह संस्थान बाहरी निजी कोचिंग केंद्रों के मुकाबले पांच से छह गुनी सस्ती दरों पर कोचिंग देता है लेकिन केंद्र में प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम और मांग के अनुसार पढ़ाई नहीं होने के कारण छात्रों को बाहर से कोचिंग लेनी पड़ती है। वहीं, अधिकतर छात्रों को जानकारी ही नहीं है कि पीयू में आईएएस कोचिंग केंद्र भी है। पीयू परिसर में निजी आईएएस कोचिंग केंद्रों के मुख्य स्थलों पर डिजिटल विज्ञापन लगे हैं। वहीं, नोटिस बोर्ड पर भी निजी कोचिंग के विज्ञापन चिपकाए होते हैं। पीयू के कोचिंग केंद्र से वर्ष 2013 से लेकर अब तक सिर्फ एक ही छात्र ने यूपीएससी आईएएस की परीक्षा उत्तीर्ण की है।
ये है निजी और पीयू की कोचिंग फीस का फर्क
पीयू सिर्फ आईएएस प्रीलिम्स की तैयारी करवाता है। इसके लिए जनरल कैटेगरी के लिए चार माह की लगभग 26 हजार और एससी/एसटी कैटेगरी के लिए 13 हजार रुपये फीस है। वहीं, बाहरी निजी कोचिंग केंद्रों में आईएएस प्रीलिम्स और मेन्स की कुल सालाना फीस डेढ़ से दो लाख रुपये है।
छात्रों के ये हैं सुझाव
पीयू के 50 से 60 प्रतिशत छात्र निजी संस्थानों में ले रहे कोचिंग
सेक्टर-25 स्थित निजी आईएएस कोचिंग संस्थानों में 50 से 60 प्रतिशत छात्र पंजाब यूनिवर्सिटी के ही हैं। अधिकांश छात्रों को जानकारी ही नहीं है कि पीयू आईएएस प्रीलिम्स की कोचिंग भी देता है। परिसर में पीयू कोचिंग के बजाय निजी संस्थानों के प्रचार पर जोर है।
- अमताज सिंह, छात्र, पीयू
पीयू कोचिंग केंद्र का नहीं है कोई परिणाम, छात्रों को रिजल्ट चाहिए
पंजाब यूनिवर्सिटी के कोचिंग केंद्र का कोई परिणाम नहीं है। इसके अलावा वह इसे प्रमोट भी नहीं करते हैं। छात्र संस्थान का रिजल्ट देखकर बाद में वहां से कोचिंग लेना चाहते हैं क्योंकि अगर गुणवत्ता शिक्षण नहीं मिला तो उनका समय व्यर्थ होगा। केंद्र में पीयू के प्रोफेसर ही पढ़ाते हैं। आईएएस स्पेशलाइज्ड शिक्षक भी संस्थान मुहैया नहीं करवा रहा है।
-मनप्रीत माहल, छात्र, पीयू
पीयू आईएएस पाठ्यक्रम के अनुसार नहीं देता कोचिंग
पीयू में परिसर के विभिन्न विभागों के प्रोफेसर ही कोचिंग सेंटर में कक्षाएं लेते हैं। वह अपने विषय की भरपूर जानकारी रखते हैं लेकिन आईएएस पेपर की मांग के अनुसार पाठ्यक्रम को नहीं करवा पाते इसलिए केंद्र का परिणाम नहीं है। मैंने वहां से कोचिंग ली थी लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ। अंत में एक साल दिल्ली से ही कोचिंग लेनी पड़ी।
- विशाल, पूर्व छात्र, पीयू
केंद्र की शिक्षण व्यवस्था में हो सुधार, छात्रों को रोजगार में होगी मदद
पीयू के पास इसका अपना कोचिंग केंद्र है। पीयू को निजी केंद्रों का प्रचार करने के बजाय अपने संस्थान का प्रचार करना चाहिए। वहीं, केंद्र की शिक्षण व्यवस्था में सुधार करना चाहिए। क्योंकि यह किफायती मूल्य पर कोचिंग उपलब्ध करवा रहा है। इससे छात्रों को सरकारी रोजगार मिलेगा और पीयू का भी नाम होगा।
-प्रवेश बिश्नोई, सेक्रेटरी, पीयू
पीयू को निजी केंद्रों के बजाय अपने संस्थान को देना चाहिए बढ़ावा
पंजाब यूनिवर्सिटी के हजारों छात्र सेक्टर-25 और शहर के अन्य केंद्रों पर निजी संस्थानों में कोचिंग लेने को मजबूर हैं क्योंकि पीयू अपने कोचिंग केंद्र की जानकारी छात्रों तक नहीं पहुंचा पा रहा है और न ही केंद्र की शिक्षण गुणवत्ता में सुधार कर पा रहा है। पीयू निजी संस्थानों के विज्ञापन को नहीं हटवाकर स्वयं ही शिक्षा के निजीकरण को बढ़ावा दे रहा है।
-रविंदर धालीवाल, सीनेटर, पीयू