पानीपत। सेक्टर-29 पार्ट-टू स्थित एक होम फर्निसिंग की फैक्टरी में हाइड्रो मशीन फटने से तीन कर्मियों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हाइड्रो मशीन फटने के बाद अफरा-तफरी मच गई और कर्मियों ने बड़ी मशक्कत से फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और तीनों के शवों को शव गृह में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी।
हादसा मंगलवार बाद दोपहर करीब चार बजे का है। सेक्टर-29 पार्ट-टू स्थित रेवेरा होम फर्निसिंग में एक हाइड्रो मशीन धमाके के साथ फट गई। इसके फटते ही फैक्टरी में अफरातफरी मच गई। फैक्टरी का हर कोई कर्मी जान बचाने को बाहर भागा तो कोई अपने साथियाें को बचाने के लिए हादसा स्थल की ओर दौड़ पड़ा।
फैक्टरी कर्मियों ने यहां से फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसमें धर्मेंद्र (30) निवासी शिवनगर, अमित (30) निवासी राजनगर और सागर (22) निवासी कृष्णपुरा कच्ची फाटक की मौत हो गई जबकि बबैल निवासी अकबर गंभीर रूप से घायल हो गया। फैक्टरी कर्मियों ने धर्मेंद्र, अमित और सागर के शव को सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया और अकबर को शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया।
हाइड्रो मशीन फटने की सूचना मिलने पर थाना चांदनी बाग पुलिस और डीएसपी तान्या मौके पर पहुंची। वहीं डीएसपी शहर जितेंद्र गहलावत सिविल अस्पताल में पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
वर्जन
सेक्टर-29 पार्ट-टू में एक फैक्टरी की हाइड्रो मशीन फटने से तीन लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। पुलिस ने शवों को शव गृह में रख दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अनिल कुमार, पीआरओ, पुलिस पानीपत