चंडीगढ़। मेजबान चंडीगढ़ को सेक्टर 26 स्थित जीएमएसएस में मंगलवार को खेले गए सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्राफी में हैदराबाद से संघर्षपूर्ण मुकाबले में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। 123 रनों का पीछा करते हुए एक समय मैच में वापसी करते हुए चंडीगढ़ अंतिम ओवरों में लड़खडाया और अनुभवी हैदराबाद ने मैच अपने नाम कर लिया। चंडीगढ़ के कप्तान ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन ओपनर्स ने निराशाजनक शुरुआत दी।
सलामी बल्लेबाज मनन वोहरा (1) और अमित पराशर (शून्य) सस्ते में चलते बने। शिवम भांबरी ने एक बार फिर बल्ले से निराश किया, जब वे 12 के निजी स्कोर पर मेहंदी हसन द्वारा आउट हुए। हसन मिडल आर्डर को धराशाई करते चले गए, जिसमें उन्होंने गौरव पुरी 19 और सरनदीप सिंह 12 को अपना शिकार बनाया। विकेटकीपर बल्लेबाज जसकरन सिंह ने 14 रनों का योगदान दिया, जिन्हें आकाश भंडारी ने आउट किया। बिपुल शर्मा ने स्कोर में तेजी लाने का प्रयास किया और 27 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 35 रन जुटाए। मोहम्मद सिराज ने अंतिम पंक्ति के बल्लेबाजों गुरेंद्र सिंह (20) और बरिंद्र सरन (5) को सस्ते में पैवेलियन भेज दिया। युद्धवीर सिंह ने गौरव गंभीर को तीन पर आउट किया।
मेजबान टीम 20वें ओवर में 123 रन बनाकर धराशाई हो गई। मोहम्मद सिराज और मेहंदी हसन ने तीन-तीन विकेट चटकाए, जबकि युद्धवीर चरक ने दो विकेट लिए। चामा मिलिंद और आकाश भंडारी को एक-एक विकेट से संतोष करना पड़ा। इसके जवाब में हैदराबाद ने पारी की तेजी से शुरुआत की। तन्मय अग्रवाल और कप्तान अंबाती रायडू ने तीन ओवरों में पहले विकेट के लिए 35 रन जुटाए। श्रेष्ठा निरमोही ने अंबाती रायडू को दस रन पर आउट कर रनों की गति पर विराम लगाया। इसके बाद गेंदबाजों ने मात्र 12 रनों के बीच तीन विकेट चटकाए। इससे पहले जसकरनदीप सिंह ने खतरनाक दिख रहे तन्मय अग्रवाल को 28 रनों पर आउट किया। अग्रवाल ने अपने 15 गेंदो के खेल में छह बाउंड्री जड़ी। निरमोही ने हिमालय अग्रवाल को आठ, जबकि जसकरनदीप सिंह ने आकाश रेड्डी को शून्य पर वापस भेजा। गुरेन्द्र सिंह ने जब 22 रनों पर जमालपुर मल्लिकार्जुन को आउट किया तो 15वें ओवर में स्कोर पांच विकेट के नुकसान पर 90 रन था। मेजबान को जीत करीब महसूस होने लगी परन्तु संदीप बावानाका की नाबाद 32 रनों और चामा मिलिंद के नाबाद 23 रनों की पारी ने हैदराबाद को 19वें ओवर की अंतिम गेंद में लक्ष्य पार कर लिया। शरणदीप सिंह और श्रेष्ठा निरमोही ने दो -दो विकेट चटकाये जबकि गुरेन्द्र सिंह ने एक विकेट लिया।
दूसरी ओर, एक अन्य एकतरफा मुकाबले में पंजाब ने हिमाचल प्रदेश पर सात विकेट की आसान जीत दर्ज की। हिमाचल ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी की और 9 विकेट के नुकसान पर 87 रन ही जुटा पाई। प्रशांत चोपड़ा ने सर्वाधिक नाबाद 46 रन बनाये। उनके अतिरिक्त कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंकों का आंकडा नहीं छू पाया। संदीप शर्मा ने चार विकेट चटकाए। इसके जवाब में पंजाब ने दसवें ओवर में लक्ष्य पार कर लिया। अभिराज सिंह ने नाबाद 57 रन बनाये जिसमें उनके सात चौके और तीन छक्के शामिल थे।
इससे पहले पूर्व रेलवे ने सेक्टर 16 क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एक मैच में रेलवे ने अरुणाचल प्रदेश को सात विकेट से हराया। अरुणाचल ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और छह विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाये। टीम के लिए राहुल दलाल ने 75 रन बनाए। कार्तिक इमांदी ने तीन विकेट चटकाए। जवाब में रेलवे ने 20वें ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य अर्जित कर लिया। मृनल देवधर ने 66, जबकि विक्रांत राजपूत ने 30 रन जुटाए। जीएमएसएस 26 में खेले गए एक अन्य हाई स्कोरिंग मैच में छत्तीसगढ़ ने महाराष्ट्र को 34 रनों से हराया। महाराष्ट्र ने टॉस जीत कर छत्तीसगढ़ को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। कप्तान हरप्रीत भाटिया की 88 और शशांक चंद्राकर की 80 रनों की पारियों की बदौलत छत्तीसगढ़ ने टूर्नामेंट का अब तक का सर्वाधिक 201 रनों का पहाड़ खड़ा किया। इसके जवाब में उतरी महाराष्ट्र की पारी 167 रनों पर समाप्त हो गई। अजय मंडल, पंकज राओ और पुनीत दत्ते द्वारा चटकाई गई तीन-तीन विकेट के चलते कोई बल्लेबाज ज्यादा समय क्रीज पर टिक नहीं पाया। ऋतुराज गायकवाड़ ने सर्वाधिक 61 रन जुटाए। नौशाद शेख ने 26 गेंदों पर 52 रन बनाए।