बीते शनिवार को बापूधाम से निकले सात लोगों को पुलिस ने सेक्टर 29 से गिरफ्तार किया था। रविवार को एक और खुलासा हुआ है कि इन लोगों के निकलने से पहले दो युवक कॉलोनी से चोरी-छिपे बाहर आए थे। यह पुलिस व्यवस्था की पूरी पोल खोलता है कि इतने कड़े बंदोबस्त के बावजूद लोग कैसे कॉलोनी से बाहर आ रहे हैं।
फिलहाल, पुलिस ने बापूधाम से निकले दोनों युवकों को सेक्टर 26 टिंबर मार्केट और बुडै़ल से गिरफ्तार किया है। बापूधाम में लगातार कोरोना पॉजिटिव मरीजों के सामने आने से कॉलोनी को चारों तरफ से सील किया गया है, न तो कोई अंदर आ सकता है और न बाहर।
बताया गया कि शनिवार से पहले भी बापूधाम निवासी दो युवक चोरी-छिपे कॉलोनी से बाहर निकल गए थे। इनमें 30 वर्षीय दीपक कुमार अपने जरूरी काम से बुडै़ल पहुंच गया, जबकि 32 वर्षीय राधेश्याम सेक्टर 26 के टिंबर मार्केट में घूम रहा था। पुलिस को इन दोनों युवकों के बारे में पता चला तो हड़कंप मच गया।
पुलिस टीम फौरन बुडै़ल से दीपक और सेक्टर 26 टिंबर मार्केट से राधेश्याम को गिरफ्तार कर दोनों के खिलाफ आईपीसी 188, 269, 270 समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों युवक तड़के बापू धाम कॉलोनी से चोरी-छिपे बाहर निकले थे।
ड्रोन से नजर रखने के दावे फेल
बापूधाम में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त को देखते हुए सीआरपीएफ को भी तैनात किया गया है। पुलिस दावा करती रही है कि शहर के कॉलोनी एरिया में ड्रोन से नजर रखी जा रही है। सेक्टर 25 समेत अन्य कॉलोनी में ड्रोन से नजर भी रखी गई। अब सवाल यह है कि क्या बापूधाम में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में कोताही बरत रही है, जिससे लोग आसानी से कॉलोनी के बाहर निकल जा रहे हैं।
बापूधाम में नियमों की उड़ती है धज्जियां
बापूधाम में कोरोना संक्रमित के अब तक 109 मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस आए दिन कॉलोनी से ऐसे लोगों को गिरफ्तार भी कर रही है, सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद आए दिन कॉलोनी निवासियों की फोटो सामने आ रही है, जिसमें लोग बिना सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखते घूमते दिख रहे हैं। ऐसे में अगर यही हालात रहे तो बापूधाम में करोना संक्रमण को रोकना और भी मुश्किल हो सकता है।
सेक्टर 29 से गिरफ्तार हुए थे लोग
बता दें कि बीते शनिवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर 29 स्थित एक मकान में कुछ युवक आए हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को धर दबोचा। पुलिस जांच में सामने आया कि यह सभी शनिवार तड़के चोरी-छिपे बापूधाम कॉलोनी से सेक्टर 28 पहुंचे और फिर ब्रेजा गाड़ी से सेक्टर 29 में रहने के लिए पहुंच गए थे। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
बापूधाम में कुछ एरिया कंटेनमेंट जोन घोषित है, जबकि कुछ इलाका बफर जोन में आता है। यहां से दो जो युवक बाहर निकले हैं, वे सभी बफर जोन से निकले हैं। बफर जोन में कंटेनमेंट की अपेक्षा कुछ ढील रहती है।
- चरणजीत सिंह विर्क, डीएसपी चंडीगढ़