चंडीगढ़। चंडीगढ़ मेयर चुनाव की चर्चा पूरे देश में है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की तरफ से प्रदर्शन और आरोप लगाने का दौर जारी है। इस बीच बुधवार को नवनिर्वाचित मेयर मनोज सोनकर दोपहर करीब एक बजे नगर निगम स्थित मेयर दफ्तर पहुंचे। यहां उनके स्वागत के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा समेत कई लोग लेकर पहुंचे थे। पूरे दिन बधाई और शुभकामनाओं का सिलसिला जारी रहा।नवनिर्वाचित मेयर मनोज सोनकर ने अमर उजाला से खास बातचीत की और कार्यकाल के लिए तय प्राथमिकता और चुनौतियों पर बात की। उन्होंने कहा कि वह बिना भेदभाव के सदन चलाएंगे। दो साल से वार्ड और सब-कमेटियों का गठन नहीं हुआ है, उनकी कोशिश रहेगी कि दो महीने में यह काम पूरा कर दिया जाए। सोनकर ने कहा कि उन्हें उद्घाटन का लालच नहीं है क्योंकि बिन मांगे बहुत कुछ मिला है। ऐसा काम करना चाहता हूं कि जब दुनिया से जाऊं तो श्मशान घाट में लोगों की भीड़ हो। पेश है उनसे बातचीत के अंश।
सवाल : मेयर बनने के बाद पहला दिन कैसा रहा?
जवाब : पहला दिन लोगों की बधाई और शुभकामनाएं प्राप्त करने में निकल गया। विभिन्न लोगों के साथ पार्टी के भी वरिष्ठ नेताओं ने फोन करके बधाई दी। इस बार मेयर चुनाव की चर्चा काफी ज्यादा रही, इसलिए बधाइयां भी काफी मिलीं। मंगलवार को तो रात करीब 11:30 बजे घर पहुंचा। एक-दो दिन बधाइयों और शुभकामनाओं में लग जाएगा। इसके बाद पूरा फोकस काम पर रहेगा।
सवाल : एक साल के कार्यकाल के लिए क्या प्राथमिकताएं तय की हैं?
जवाब : सबसे ज्यादा फोकस सफाई पर रहेगा। हम पूरे साल स्वच्छता पर काम करेंगे ताकि टॉप-5 में जगह बना पाएं। नगर निगम कोशिश करेगा लेकिन जरूरी है कि लोग भी साथ दें। इसके लिए पूरी योजना बनाई जाएगी। डंपिंग ग्राउंड को हटाने का मुद्दा भी अहम होगा। मैं सभी को साथ लेकर चलूंगा। चुनाव खत्म हो गए अब सिर्फ काम पर ध्यान रहेगा। सभी 35 वार्ड के काम कराए जाएंगे।
सवाल : अनूप गुप्ता पर कई बार आरोप लगे कि उन्होंने समय पर हाउस नहीं बुलाए। आप कैसे 12 हाउस पूरा करेंगे?
जवाब : सदन की गरिमा बरकरार रखी जाएगी। कोशिश रहेगी कि सदन की बैठक को एकदम महीने के आखिर में न करके करीब 10 दिन पहले किया जाए ताकि किसी कारणवश आखिरी दिनों में अधिकारी कहीं व्यस्त भी हो जाएं या कोई टूर-विजिट आए तो सदन की बैठक को टालना न पड़े। महीने की 15 तारीख से ही सदन की बैठक की तैयारी शुरू कर देंगे ताकि समय पर बैठक पूरी कर ली जाए।
सवाल : दो साल बीत चुके हैं, अब तक वार्ड और सब-कमेटियों का गठन नहीं हुआ है?
जवाब : मेरी कोशिश है कि वार्ड और सब-कमेटियों का गठन जल्द किया जाए। मेरी प्रदेश अध्यक्ष से भी बातचीत हुई है। हम लोग एक से दो महीने के अंदर कमेटियों का गठन कर देंगे। जितने भी काम मेरे कार्यकाल में निपट सकते हैं। मैं उन सभी को पूरा करने की कोशिश करूंगा।
सवाल : गांवों के विकास को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उससे कैसे पार पाएंगे?
जवाब : चंडीगढ़ योजनाबद्ध शहर है लेकिन गांव में कुछ कंपनियों व ठेकेदारों की मनमानी की वजह से जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। बारिश में लोगों का बहुत बुरा हाल हो जाता है। मैंने यह सब बहुत करीब से देखा है। इसलिए कंपनियों को हिदायत दी जाएगी कि वह सही से कम करें। नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। अन्य गांव में भी जो विकास कार्य चल रहे हैं, उनकी समीक्षा करूंगा।
सवाल : 2024 लोकसभा का चुनाव नजदीक है। क्या तैयारी है?
जवाब : भारतीय जनता पार्टी को चुनाव के लिए कोई अलग से तैयारी नहीं करनी पड़ती। भाजपा हर समय ही चुनाव के मूड में रहती है। ये बात सही है कि चुनावी वर्ष होने की वजह से जिम्मेदारियां ज्यादा हैं लेकिन मेरा मानना है कि अगर हम सिर्फ अपना काम करते रहें तो चुनाव की तैयारी अपने आप ही हो जाती है।