चंडीगढ़। सेक्टर-52 के गांव कजहेड़ी में दिनदहाड़े चोर मकान से सोने-चांदी के गहने, नकदी और गैस सिलिंडर लेकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि वारदात के समय घर में बहू मौजूद थी। पुलिस के अनुसार 65 वर्षीय कमलेश ने शिकायत दी कि वह बुधवार सुबह पति के साथ गुरुद्वारा गई थीं। बेटा पंचकूला ऑफिस और पोतियां स्कूल गई थीं जबकि बहू ऊपर कमरे में थी। दोपहर करीब 2:15 बजे लौटने पर अंदर वाले कमरे का दरवाजा खुला मिला। कमरे से लोहे का बक्सा गायब था जिसमें सोने के झुमके, अंगूठियां, अन्य गहने, चांदी की पायल, 15 हजार रुपये नकद और एसबीआई की चेकबुक रखी थी। रसोई से गैस सिलिंडर भी गायब मिला। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।