शहर की सुंदरता बिगाड़ते एवं हादसों का कारण बन रहे होर्डिंग के खिलाफ नगर निगम की टीम ने शनिवार को शिकंजा कसा।
इस दौरान जहां 200 फुट एयरपोर्ट रोड से सारे होर्डिंग हटाए गए। वहीं, शहर के अंदर लगे पोस्टरों एवं होर्डिंग पर भी कार्रवाई की गई।
इस काम में निगम मुलाजिमों की विभिन्न टीमें जुटी रहीं। जबकि, मुहिम पर अधिकारियों की भी नजर रही।
जानकारी के मुताबिक निगम की टीम ने शनिवार को मुहिम की शुरूआत सबसे महत्वपूर्ण एयरपोर्ट रोड से की। होर्डिंग हटाने की कार्रवाई गुरुद्वारा सिंह शहीदां के सामने से गुजर रही सड़क से की गई।
इस दौरान सड़क के दोनों तरफ लगाए गए अवैध होर्डिंग हटाए गए। इसके बाद टीम शॉपिंग स्ट्रीट पर पहुंची। यहां पर विभिन्न कंपनियों एवं राज नेताओं द्वारा लगाए गए होर्डिंग पर कार्रवाई की गई।
मुहिम में हटाए गए अधिकतर होर्डिंग स्थानीय नेताओं के बधाई संदेश वाले थे। जो कि शहर के विभिन्न हिस्सों में लगे थे।
जिक्रयोग है कि गमाडा द्वारा एयरपोर्ट रोड के ब्यूटीफिकेशन का काम एक प्राइवेट कंपनी को दिया हुआ है। जो सड़क का ख्याल रख रही है।
लेकिन होर्डिंग के चलते सड़क की सुंदरता पर ग्रहण लग रहा था। ऐसी ही स्थिति अंदरूनी हिस्सों की सड़कों की थी।