मनीमाजरा। किशनगढ़ में भगवानपुरा रोड स्थित एक होटल में बुधवार रात छापा मारकर पुलिस ने हुक्का बार का भंडाफोड़ किया। होटल में युवाओं को नशा कराया जा रहा था। मौके से एक दर्जन से अधिक हुक्के और बड़ी संख्या में फ्लेवर बरामद किए गए।
पुलिस की छापेमारी के दौरान होटल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस से बचने के लिए कुछ लोग होटल की पहली मंजिल से छलांग लगाकर भाग निकले। पुलिस ने मौके से होटल संचालक साहिल, मैनेजर रोहित और वेटर कृष्णा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ आईटी पार्क थाने में सिगरेट व अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) 2003 की धारा 188/34 के तहत केस दर्ज किया गया है। साहिल किशनगढ़ के भाजपा नेता व पूर्व मार्केट कमेटी के चेयरमैन कुलविंदर सिंह काला का बेटा है।
आईटी पार्क थाना पुलिस बुधवार को इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि होटल डिस्प्रिंग में युवकों को हुक्का पिलाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद डीएसपी पी अभिनंदन और आईटी पार्क थाना प्रभारी जसपाल सिंह ने होटल में छापा मारने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। इसके बाद डीएसपी पी अभिनंदन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा। पुलिस को देखकर होटल में भगदड़ मच गई और वहां बैठे युवक के बाहर की तरफ दौड़ पड़े। इनमें से कुछ लोग होटल छत को कूदकर भागने लगे, तीन को पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उनको दबोच लिया और कुछ लोग भाग निकले। वहीं, होटल से अन्य को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला की उक्त होटल में कई दिनों से हुक्का पार्टी चल रही थी। होटल स्टाफ कमरे के अंदर हुक्का सर्व करता था। इसके बाद होटल संचालक, मैनेजर और एक वेटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। होटल में देर रात तक जांच जारी थी। बता दें कि दो दिन पहले ही किशनगढ़ गांव के एक होटल में जिस्मफरोशी के धंधे का भी भंडाफोड़ हुआ था। वह होटल भी एक भाजपा नेता का था, जिसे उन्होंने लीज पर दे रखा था।